
लाडकी बहीण योजना का पोस्टर
महाराष्ट्र में लाड़की बहीण योजना का लाभ पाने वाली महिलाओं को 14 जनवरी के दिन 3000 रुपये नहीं मिलेंगे। चुनाव आयोग ने इस पर रोक लगा दी है। आयोग की तरफ से कहा गया कि इस दौरान नियमित या लंबित पैसा दिया जा सकता है, लेकिन जनवरी माह का अग्रिम भुगतान नहीं किया जा सकता। इसके बाद एकनाथ शिंदे की शिवसेना और बीजेपी के नेताओं ने विपक्ष को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है और कहा है लाडकी बहनें इसका जवाब मतदान के दौरान देंगी।
क्या है मामला?
महाराष्ट्र सरकार लाडकी बहीण योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक मदद करती है। हर महीने की राशि अगले महीने की 10 तारीख के आसपास महिलाओं के खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है। हालांकि, इस बार महाराष्ट्र सरकार ने जनवरी की किस्त अग्रिम रूप से जारी करने की योजना बनाई थी। इसके तहत दिसंबर और जनवरी के पैसे एकसाथ महिलाओं के खाते में जाने थे और उन्हें 14 जनवरी को 3000 रुपये मिलने वाले थे। विपक्ष ने इसका विरोध किया और अब चुनाव आयोग ने इस पर रोक लगा दी है।
