मध्य प्रदेश: BJP विधायक कालू सिंह ठाकुर पर पत्थरों से हमला, सिर में आई चोट, पहले भी चल चुकी है गोली


Kalu Singh Thakur- India TV Hindi
Image Source : KALU SINGH THAKUR/FACEBOOK
कालू सिंह ठाकुर

धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में धरमपुरी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर पर हमला हुआ है। हमलावरों ने उन पर पत्थरों से हमला किया है, जिससे उनके सिर पर चोट आई है। विधायक की शिकायत पर इस मामले में जांच शुरू हो गई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, धरमपुरी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर अपने घर के पास सिरसोदिया गांव में खेत में काम देखने गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों द्वारा उन पर पत्थर से हमला किया गया। इस घटना में विधायक घायल हो गए और उन्हें धामनोद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है क्योंकि अगर सत्ताधारी पार्टी के विधायक पर इस तरह हमला हो सकता है तो आम आदमी तो कहां ही सुरक्षित होगा?

धामनोद थाने के उप निरीक्षक का सामने आया बयान

धामनोद थाने के उप निरीक्षक नारायण कटारे ने बताया, “विधायक की सिरसोदिया गांव में जमीन है, जहां काम चल रहा था। उसी समय पड़ोसियों ने पत्थरों से उन पर जानलेवा हमला किया। विधायक की शिकायत पर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में प्रिन्स उर्फ पिंटू, गेंदाबाई और रंजु गिरवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।”

घायल विधायक ने क्या कहा?

इस घटना को लेकर विधायक कालूसिंह ठाकुर ने कहा, “हम अपने घर के पास खेत पर खड़े थे, तभी दो-तीन लोग आए और उन पर पत्थरों से हमला कर दिया, जिनमें एक-दो महिलाएं भी शामिल थीं। हमलावरों को वह शक्ल से पहचान सकते हैं, लेकिन नाम नहीं जानते।”

विधायक के मुताबिक, उन पर पहले भी गोली चल चुकी है। हालांकि उनका कहना है कि उनकी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। इस मामले को लेकर इलाके में तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि जब विधायक सुरक्षित नहीं है तो आम जनता कैसे सुरक्षित रहेगी।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *