
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गाय को ‘राज्यमाता’ घोषित करने की मांग की।
यूपी के वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेस करके स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सीएम योगी के पास 40 दिन का समय है, वे गाय को राज्यमाता घोषित करें और गोमांस के निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा करें। अगर ये यूपी सरकार नहीं करती है तो 10-11 मार्च को लखनऊ में संत समागम में सीएम योगी आदित्यनाथ को नकली हिंदू घोषित कर देंगे।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले कि 1966 वाली स्थिति बन गई है। तब की सरकार ने करपात्री जी महाराज को परेशान किया था जबकि आज सीएम योगी और उनके खास रामभद्राचार्य मेरे खिलाफ योजना बना रहे हैं और परेशान कर रहे हैं। मुझसे सरकार की और से कहा गया कि आप शंकराचार्य होने का प्रमाण 24 घंटे के अंदर दें।
अविमुक्तेश्वरानंद ने आगे कहा, ‘हमने यूपी सरकार को अपने शंकराचार्य होने का प्रमाण उपलब्ध करा दिए हैं जिसे सरकार ने 15 दिन के बाद भी खारिज नहीं किया है। इससे ये साबित हो गया कि मेरा दावा और और प्रमाण सच्चा है। अब आप के ऊपर सवाल है कि अब आप बताएं कि आप असली हिंदू हैं या नकली हिंदू?’
उन्होंने कहा कि 40 दिन में अगर गोवंश की हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और निर्यात पर पूरी तरह रोक के साथ-साथ गाय को राज्यमाता का दर्जा नहीं देते तो आपको लखनऊ में ही नकली हिंदू घोषित कर देंगे।
अविमुक्तेश्वरानंद बोले कि हम मांस के निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग करते हैं। उत्तर प्रदेश की पवित्र धरती से होने वाले हर तरह के मांस निर्यात (Bovine Meat) पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाएं।
