
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा 2024 (PCS Main Exam 2024) का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में सफल हुए 2719 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए योग्य घोषित किया गया है।
यूपी लोक सेवा आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पीसीएस मेंस की लिखित परीक्षा 29 जून 2025 से 2 जुलाई 2025 तक आयोजित की गई थी। यह परीक्षा प्रयागराज और लखनऊ स्थित परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई थी। मेंस परीक्षा में कुल 13,776 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
आयोग द्वारा पीसीएस संवर्ग के कुल 24 प्रकार के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है, जिसके अंतर्गत 947 पदों पर नियुक्ति की जानी है। इनमें से 60 पद ऐसे हैं, जिन पर केवल लिखित परीक्षा के आधार पर ही चयन किया जाएगा। इन 60 पदों का परिणाम अंतिम चरण के परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा। बाकी 887 रिक्त पदों पर चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू दोनों के आधार पर किया जाएगा।
इन पदों के लिए सफल घोषित किए गए 2719 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी इंटरव्यू में शामिल होना होगा। साक्षात्कार की तिथि और अन्य जानकारी को लेकर आयोग की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।
खबर अपडेट हो रही है…
