
90 डिग्री का ओवरब्रिज सवालों के घेरे में
मनेन्द्रगढ़ः छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में बना रेलवे ओवरब्रिज सुर्खियों में आ गया है। मनेन्द्रगढ़ में रेलवे द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया यह ओवरब्रिज अपने अजीबोगरीब और खतरनाक डिज़ाइन को लेकर सवालों के घेरे में है। इस ब्रिज का टर्न लगभग 90 डिग्री के बराबर है, जो किसी भी वाहन चालक के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
जानलेवा साबित हो सकता है मोड़
स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रिज पर बना यह अंधा मोड़ कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। खासकर रात के समय और भारी वाहनों के लिए यह मोड़ जानलेवा साबित हो सकता है। हैरानी की बात यह है कि रेलवे ने इस ओवरब्रिज के निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च कर दिए, लेकिन सुरक्षा मानकों और ट्रैफिक इंजीनियरिंग को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई। मोड़ को सुरक्षित बनाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। अब सवाल यह उठता है कि क्या किसी बड़ी घटना के बाद ही प्रशासन और रेलवे इस ओर ध्यान देगा, या समय रहते इस खतरनाक टर्न को सुधारा जाएगा।
यहां देखें वीडियो
इस पुल की तुलना भोपाल के चर्चित 90° ओवरब्रिज से की जा रही है, जिसे पहले ही इंजीनियरिंग की बड़ी चूक माना जा चुका है। बता दें कि देशभर में लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां इंजीनियरिंग की “कलाकारी” सोशल मीडिया पर तो वायरल हो रही है, लेकिन सड़क सुरक्षा पर भारी पड़ती दिख रही है।
यहां देखें वीडियो
बता दें कि मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में इसी तरह का ब्रिज बना था। विवाद होने पर मध्य प्रदेश सरकार ने ऐशबाग इलाके में नए रेल ओवर ब्रिज के ‘खराब डिज़ाइन’ के लिए पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट के दो चीफ़ इंजीनियरों सहित सात इंजीनियरों को सस्पेंड कर दिया था। जबकि एक रिटायर्ड सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के खिलाफ विभागीय जांच कराई जा रही है। ROB में ज़रूरी सुधार करने के लिए एक कमेटी बनाई गई थी।
रिपोर्ट-सिकंदर अली
