बांग्लादेश: अंतरिम नेता मोहम्मद यूनुस ने दिया पद से इस्तीफा, तारिक रहमान के शपथ ग्रहण से पहले की घोषणा


Muhammad Yunus- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE
मोहम्मद यूनुस

ढाका: बांग्लादेश के अंतरिम नेता मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को ढाका में अपने पद से इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने ये घोषणा तारिक रहमान की बीएनपी सरकार के गठन से एक दिन पहले की। गौरतलब है कि 17 फरवरी को तारिक रहमान का शपथ ग्रहण समारोह होना है।

मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को राष्ट्र के नाम अपने विदाई भाषण में पद छोड़ दिया और निर्वाचित सरकार को सत्ता सौंप दी। मोहम्मद यूनुस ने अपने संबोधन में कहा, “आज अंतरिम सरकार पद छोड़ रही है। लेकिन लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों की जो प्रक्रिया शुरू हुई है, उसे रोका न जाए।” 

उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश अब कोई “दबाव वाला” देश नहीं है और देशों के साथ उसके संबंध आपसी सम्मान और राष्ट्रीय हित पर आधारित होंगे। इस्तीफे के साथ, यूनुस ने अब आधिकारिक तौर पर तारिक को सत्ता सौंप दी है, इससे पहले उन्होंने पिछले सप्ताह हुए चुनावों में बीएनपी की “भारी जीत” पर बधाई दी थी।

शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद से बांग्लादेश का नेतृत्व कर रहे थे मोहम्मद यूनुस

गौरतलब है कि साल 2024 में जब शेख हसीना की सरकार गिरी थी तो मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश के अंतरिम नेता के तौर पर देश की कमान संभाली थी। वह बांग्लादेश के “मुख्य सलाहकार” के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे थे।

हालही में हुए चुनावों में मिली है बीएनपी को जीत

हालही में बांग्लादेश में जो चुनाव हुए, उसमें बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) और उसके नेता तारिक रहमान ने जीत हासिल की है।  तारिक रहमान का शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी को होना है। वह मंगलवार को नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

रहमान की बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) ने 297 में से 209 सीटें जीती हैं, जबकि दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 13वें संसदीय चुनाव में 68 सीटें हासिल की हैं। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था।

एक लंबे समय से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए, 60 वर्षीय बीएनपी अध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह बंगभवन के बजाय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन मंगलवार दोपहर को जातीय संसद के साउथ प्लाजा में नए मंत्रिमंडल सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *