रेलवे की बड़ी तैयारी, होली पर चलेंगी 300 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें; घर जाना होगा आसान!


होली स्पेशल ट्रेन- India TV Paisa

Photo:CANVA होली स्पेशल ट्रेन

रंगों का त्योहार होली नजदीक आते ही दिल्ली-एनसीआर से बिहार, यूपी और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ उमड़ने लगी है। नियमित ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं और वेटिंग लिस्ट लंबी होती जा रही है। ऐसे में यात्रियों को राहत देने के लिए उत्तर रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। इस बार होली पर 300 से ज्यादा विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि लोग आसानी से अपने घर पहुंच सकें।

28 फरवरी से बढ़ेगा यात्रियों का दबाव

इस वर्ष 4 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा। अनुमान है कि 28 फरवरी से ही बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्यों की ओर रवाना होना शुरू कर देंगे। इसी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने अपने विभिन्न स्टेशनों से करीब 300 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी की है। इनमें से बड़ी संख्या में ट्रेनें आनंद विहार, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलाई जाएंगी।

पिछले साल से ज्यादा होंगी ट्रेनें

सूत्रों के मुताबिक, बीते वर्ष होली पर करीब 250 विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। इस बार यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेनों की संख्या लगभग 20 प्रतिशत बढ़ाई गई है। अब तक करीब 100 ट्रेनों की घोषणा की जा चुकी है, जबकि बाकी ट्रेनों की घोषणा अगले सप्ताह की जाएगी। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी खास रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रही तो वहां अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी तुरंत चलाई जाएंगी, ताकि भीड़ को कंट्रोल किया जा सके।

सुरक्षा और स्वास्थ्य इंतजाम भी पुख्ता

पिछले वर्ष फरवरी में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। दिल्ली के तीनों प्रमुख स्टेशनों पर एंबुलेंस के साथ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को स्टेशन पर ही प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। इसके अलावा रेलवे अस्पताल में 30 बेड इस अवधि के दौरान आरक्षित रखे जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

यात्रियों को बड़ी राहत

रेलवे की इस तैयारी से त्योहार के मौके पर घर जाने वालों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से वेटिंग लिस्ट कम होगी और यात्रियों को भीड़भाड़ से निजात मिलेगी।

Latest Business News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *