Sidharth Malhotra Father Death: सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता का निधन, नींद में ही छोड़ गए दुनिया, सदमे में एक्टर


sidharth malhotra- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SIDMALHOTRA
सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन।

बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ​​के पिता सुनील मल्होत्रा ​​का निधन हो गया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पिता के निधन की पुष्टि की। अपने पिता को अंतिम विदाई देने के लिए सिद्धार्थ परिवार के साथ तुरंत दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में सिद्धार्थ के पिता सुनील मल्होत्रा का अंतिम संस्कार हुआ, लेकिन इस मुश्किल समय में अपने परिवार का साथ देने के लिए, उनका सहारा बनने के लिए फिलहाल दिल्ली में ही रहेंगे। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए अपने पिता के निधन की जानकारी साझा की और दिवंगत पिता के लिए एक लंबा संदेश भी साझा किया है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने पिता की याद में लिखा पोस्ट

सिद्धार्थ ने अपने पिता के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनके कैप्शन में उन्होंने लिखा- ‘वह सच्चे, ईमानदार और कल्चर से जुड़े व्यक्ति थे। उन्होंने अपनी जिंदगी अपने मूल्यों पर जी, कभी समझौता नहीं किया। वह अनुशासित थे, लेकिन कठोर नहीं। ताकत थी, लेकिन घमंड नहीं। जिंदगी ने उनकी कई परीक्षाएं लीं, लेकिन वह हमेशा पॉजिटिव रहे। मर्चेंट नेवी के कैप्टन के रूप में समुद्रों का नेतृत्व करने से लेकर शांत और साहस के साथ बीमारी का सामना करने तक, उन्होंने कभी हार नहीं मानी, कभी अपनी गरिमा नहीं खोई।’

आपकी ईमानदारी मेरी विरासत है- सिद्धार्थ

अभिनेता आगे लिखते हैं- ‘पापा, आपकी ईमानदारी मेरी विरासत है। आपकी शक्ति हर दिन मेरा मार्गदर्शन करती है। आपकी सकारात्मकता आज भी हमारे परिवार को एक साथ जोड़े रखती है। आप शांतिपूर्वक अपनी नींद में हमें छोड़कर चले गए, लेकिन आपके जाने से जो खालीपन आया है वह कभी नहीं भर पाएगा। मैं आज जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से ही हूं। और मैं आपका नाम, आपके मूल्य और आपकी रोशनी हमेशा आगे ले जाऊंगा। लव यू पापा।’

पिता के बेहद करीब थे सिद्धार्थ मल्होत्रा

सिद्धार्थ मल्होत्रा ​​कई बार अपने पिता के बारे में बात करते नजर आ चुके हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में अपने पिता के बारे में बात करते हुए कहा था, ‘मेरे पापा मेरे असली हीरो हैं, मेरे सबसे प्यारे हीरो।’ सिद्धार्थ अपने पिता को अपने जीवन का सबसे बड़ा सहारा मानते थे। उनके पिता सुनील मल्होत्रा मर्चेंट नेवी में पूर्व कप्तान थे और सिद्धार्थ के अनुसार, उन्हें अनुशासन और कड़ी मेहनत का महत्व उनके पिता ने ही सिखाया है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा का करियर

सिद्धार्थ मल्होत्रा के करियर की बात करें तो उन्होंने 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से अपना फिल्मी करियर शुरू किया था, जिसमें उनके साथ आलिया भट्ट और वरुण धवन भी लीड रोल में थे। इसके बाद उन्होंने अपने करियर में एक विलेन, मिशन मजनू, शेरशाह जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों के दिल जीते। खासतौर पर ‘शेरशाह’ में उनके अभिनय को काफी सराहा गया था। 2023 में अभिनेता ने कियारा आडवाणी से शादी की और 2025 में अपनी बेटी का इस दुनिया में स्वागत किया।

ये भी पढ़ेंः ICU में सलमान खान के पिता सलीम खान, 4 डॉक्टर्स की टीम कर रही इलाज, सामने आई हेल्थ अपडेट

जेल से बाहर आने के बाद पहली बार सामने आए राजपाल यादव, बोले- 30 साल से इस इंडस्ट्री में हूं, पूरा देश मेरे साथ

Latest Bollywood News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *