
शादी की रात ही दूल्हे-दुल्हन के बीच विवाद।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के बाद ससुराल पहुंची नई नवेली दुल्हन ने पहली ही रात अपने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया। मामला अब थाने तक पहुंच गया है और पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, नई दुल्हन अपनी ही जिद पर अड़ी रही जिसके चलते आपसी सहमति से दोनों पक्षों में समझौता कर तुरंत तलाक हुआ। लड़की अपने परिवार के साथ वापस अपने घर लौट गई और दूल्हा हाथ मलता रह गया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये मामला उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद के गोहांड कस्बे से जुड़ा है। जहां से विदा होकर दुल्हन राठ शहर अपने ससुराल पहुंची थी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद जब दूल्हा-दुल्हन पहली रात कमरे में पहुंचे तो दुल्हन ने दूल्हे के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन का कहना है कि वह किसी और युवक से प्यार करती है और यह शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई है। उसने आरोप लगाया कि उसके घरवालों ने मारपीट कर जबरदस्ती उसकी शादी कर दी।
दूल्हे ने घटना पर क्या कहा?
दूसरी ओर दूल्हे धरम सिंह कुशवाहा का कहना है कि अगर दुल्हन पहले ही अपनी मर्जी बता देती तो इतनी बदनामी नहीं होती और शादी ही नहीं की जाती। बता दें कि दूल्हा धरम सिंह (पुत्र- ललादिमान कुशवाहा, निवासी- मुहल्ला बुधौलियाना थाना राठ) हमीरपुर का रहने वाला है। उसकी शादी अपने मामा के घर से गोहाण्ड कस्बे से हुई है। रात मे दुल्हन मिथलेश कुमारी ससुराल पहुंची थी और सुबह वो पुलिस थाने पहुंच गयी।
आपसी सहमति से दोनों में तलाक
मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष राठ कोतवाली पहुंच गए और पुलिस से शिकायत की। पुलिस दोनों परिवारों को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रही थी पर दुल्हन नहीं मानी थी। राठ थाने के कोतवाल राकेश सिंह ने बताया की थाने मे दूल्हा, दुल्हन को बहुत समझाया गया पर दुल्हन नहीं मानी तो दोनों पक्षों मे आपसी सहमति से दोनों में तलाक हो गया है। दुल्हन अपने परिजनों के साथ वापस लौट गई है। (रिपोर्ट: पंकज द्विवेदी)
ये भी पढ़ें- अलीगढ़ में भांजे के साथ फरार हो गई 3 बच्चों की मां, पति अधिकारियों के लगा रहा चक्कर
