
मयंक पवार।
रियलिटी टीवी की दुनिया और फिटनेस इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘एमटीवी स्प्लिट्सविला’ सीजन 7 के सबसे चर्चित और शालीन प्रतियोगियों में से एक, मयंक पवार अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के माध्यम से इस दुखद खबर की पुष्टि की गई है, जिसने उनके प्रशंसकों, परिवार और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों को गहरे शोक में डाल दिया है। मयंक के फैंस को गहरा शॉक लगा है और वो जानना चाहते हैं कि आखिर उन्हें ऐसा क्या हुआ जो वो अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गए।
इंस्टाग्राम पोस्ट में दी गई जानकारी
इंस्टाग्राम पोस्ट पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा गया, ‘एक भाई, एक चैंपियन, एक मेंटर और कई लोगों के लिए प्रेरणा। मयंक पवार हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।’ मयंक केवल एक टीवी व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि वे अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के कारण कई युवाओं के लिए एक सच्चे मार्गदर्शक और रोल मॉडल बन चुके थे। मयंक पवार की पहचान केवल एक रियलिटी शो तक सीमित नहीं थी। वे फिटनेस की दुनिया के एक दिग्गज नाम थे। उन्होंने सात बार ‘मिस्टर इंडिया’ का खिताब अपने नाम किया था और एक बार वे ‘मिस्टर इंडिया’ के पूर्ण विजेता भी रहे थे। एक सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर के रूप में उन्होंने कई लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए थे। उनकी फिटनेस और ‘किलर बॉडी’ अक्सर चर्चा का विषय रहती थी, लेकिन उनके अचानक चले जाने ने फिटनेस के दावों और स्वास्थ्य की जटिलताओं पर एक नई बहस छेड़ दी है। हालांकि उनकी मृत्यु के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन उनके चाहने वाले इस खबर को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उनके सम्मान में एक शोक सभा का आयोजन बुधवार 25 फरवरी 2026 को राणा प्रताप बाग के संगम पार्क स्थित वाल्मीकि मंदिर में शाम 5 बजे से 6 बजे तक किया जाएगा।
यहां देखें पोस्ट
लोगों का रिएक्शन
मयंक के निधन की खबर सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गई और फैंस ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने भावुक होते हुए कमेंट किया, ‘कुछ दिन पहले मैं उसकी स्प्लिट्सविला 7 की जर्नी देख रहा था। सच में यकीन नहीं हो रहा। पूरे स्प्लिट्सविला सीजन में उससे ज्यादा नेक इंसान नहीं देखा।’ वहीं उनकी मृत्यु के रहस्यमय कारणों को लेकर कुछ लोगों ने फिटनेस सप्लीमेंट्स के खतरों पर चिंता जताई। एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘बाहर से मस्कुलर दिखने का मतलब यह नहीं है कि आप हेल्दी हैं… बहुत ज्यादा सप्लीमेंट और स्टेरॉयड धीरे-धीरे अंदर के अंगों को खराब कर देते हैं।’ प्रशंसकों के बीच इस बात को लेकर गहरा दुख है कि इतना अनुशासित व्यक्ति इतनी कम उम्र में दुनिया छोड़ गया।
कभी मयंक के लिए रो पड़ी थीं सनी लियोनी
‘स्प्लिट्सविला 7’ के दिनों को याद करें तो मयंक अपनी मासूमियत, शांत स्वभाव और शानदार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। शो में उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि जब उन्हें क्वीन द्वारा एलिमिनेट किया गया तो शो की होस्ट सनी लियोनी अपने आंसू नहीं रोक पाई थीं। उन्होंने मयंक को विला से जाने से पहले बहुत प्यार से गले लगाया था, जो शो के इतिहास के सबसे भावुक पलों में से एक माना जाता है। यहां तक कि सख्त मिजाज माने जाने वाले होस्ट निखिल चिनप्पा ने भी नियमों को किनारे रखकर मयंक को विदाई देने से पहले गले लगाया था। मयंक न केवल अपने ‘पाउट’ और शरीर के लिए बल्कि अपनी सादगी के लिए भी याद किए जाते हैं। हालांकि, अभी तक सनी या निखिल की ओर से इस दुखद घटना पर कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। मयंक पवार का जाना न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे फिटनेस समुदाय के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
ये भी पढ़ें: ‘होंगे आप रणवीर सिंह’, कर्नाटक HC ने लगाई एक्टर को फटकार, अभी पूरी तरह नहीं मिली राहत
