
मावा गुजिया रेसिपी
Holi Special Gujiya Recipe: होली पर वैसे तो घरों में कई तरह के पकवान बनते हैं, लेकिन गुजिया का विशेष महत्व होता है। उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश और हरियाणा राजस्थान में होली पर खासतौर से लोग गुजिया बनाकर खाते हैं। मार्केट में भी गुजिया मिल जाती हैं लेकिन घर की बनी गुजिया जैसा स्वाद नहीं मिल पाता है। घर पर बनी मावा की गुजिया खाने में इतनी टेस्टी लगती हैं कि मुंह में रखते ही घुल जाएं। अगर आपको गुजिया खाने का मन है तो इस रेसिपी से घर में आसानी से गुजिया बना सकते हैं। आप अपने खाने लायक गुजिया आसानी से बना सकते हैं। दादी नानी की ये गुजिया बनाने की सीक्रेट रेसिपी है, जिसे हर कोई आपके साथ शेयर नहीं करेगा। लेकिन एक बार इस तरह गुजिया बनाकर खा लेंगे तो फिर बाजार से खरीदकर गुजिया खाने का मन नहीं करेगा।
गुजिया को स्वादिष्ट बनाने के लिए स्टिफिंग टेस्टी होना जरूरी है। जितनी टेस्टी स्टफिंग बनेगी गुजिया का स्वाद उतनी ही अच्छा होगा। इसके अलावा गुजिया मुलायम बनें इसका भी खास ख्याल रखना होता है। आइये जानते हैं गुजिया की स्टफिंग कैसे तैयार करें। गुजिया का आटा कैसे गूंथें और गुजिया को कैसे बनाकर तैयार करें।
मावा गुजिया स्टफिंग
स्टफिंग के लिए आप घर में फुल क्रीम दूध या भैंस के 2 लीटर दूध से पहले मावा बना लें। घर का मावा गुजिया के स्वाद को बढ़ा देगा। स्टफिंग को मीठा बनाने के लिए बूरा लें। मावा और बूरा को मिक्स कर लें और इसमें चिरौंजी दाना, काजू और बादाम बारीक कटे हुए और 2 चम्मच भुनी हुई सूजी डालेंगे। साथ ही स्वाद के लिए पिसी हुई इलायची पाउडर और इन सारी चीजों को स्टफिंग बनकर तैयार हो जाएगी।
गुजिया का आटा कैसे लगाएं
गुजिया के ऊपर वाली परत एकदम मुलायम बने इसके लिए आटा दूध के साथ लगाएं। गुजिया का आटा लगाने के लिए आप 200 ग्राम मैदा का इस्तेमाल करें। आपको एकदम नरम मैदा गूंथकर तैयार करनी है। इसमें करीब 1 कप दूध डाल दें और 1 चम्मच देसी घी डालकर आटा गूंथ लें और इसे कवर करके सेट होने के लिए रख दें।
मावा गुजिया की रेसिपी
पहला स्टेप- 2 चम्मच मैदा और उसमें 5-6 चम्मच पानी मिलाकर एक घोल तैयार कर लें। अब जो मैदा का आटा लगाया है उससे एक लोई तोड़ें और उसे एक पतली पूरी से बड़ा बेलकर तैयार कर लें। पूरी को गुजिया बनाने वाले सांचे पर रखें और उसमें 1-2 चम्मच स्टफिंग भर दें। गुजिया को जहां से बंद करते हैं वहां मैदा वाला गीला पानी जैसा लगाकर सांचा बंद कर दें। गुजिया अच्छी तरह चिपक जाएगी और फिर इसे निकालकर किसी सूती कपड़े पर रखते जाएं।
दूसरा स्टेप- ज्यादा मात्रा में गुजिया बना रहे हैं तो एक बार में सारी गुजिया बनाकर तैयार कर लें और कपड़े पर रखते जाएं, साथ ही किसी मोटे कपड़े से गुजिया को ऊपर से भी ढक दें। इससे गुजिया के ऊपर की परत सूखेगी नहीं और आसानी से गुजिया को फ्राई कर पाएंगे। जब सारी गुजिया बनकर तैयार हो जाएं तो कड़ाही तेल या घी गर्म करें। अब एक एक करके जितनी गुजिया कढ़ाही में आ जाएं उन्हें मीडियम फ्लेम पर फ्राई कर लें।
गुजिया की ऊपर वाली परत काफी पतली होती है इसलिए इन्हें बहुत ज्यादा देर तक नहीं सेंकना होता है। गुजिय को मीडियम हाई फ्लेम पर ही सेंकना चाहिए। तैयार हैं स्वादिष्ट मावा वाली गुजिया, जो मुंह में रखते ही घुल जाएंगी। एक बार ये गुजिया खाएंगे तो फिर बार-बार खाने का मन करेगा। आपको ये रेसिपी जरूर ट्राई करनी चाहिए।
