
खामेनेई की हत्या के विरोध में श्रीनगर में प्रदर्शन
श्रीनगर: अमेरिका और इजरायल की ईरान के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए हैं। इसको लेकर जम्मू कश्मीर में शिया मुसलमान प्रदर्शन पर उतर आए हैं। शिया मुसलमानों ने श्रीनगर में खामेनेई की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
श्रीनगर में लाल चौक पर भी प्रदर्शन
श्रीनगर में कश्मीरी शिया मुसलमानों ने लाल चौक पर भी अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया है। इसका भी वीडियो सामने आया है और लोगों में खामेनेई की हत्या के विरोध में गुस्सा नजर आ रहा है।
रामबन में भी प्रदर्शन
जम्मू और कश्मीर के रामबन में भी शिया मुसलमानों ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। इसका भी वीडियो सामने आया।
शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद कल्बे जवाद का सामने आया बयान
इजरायल और अमेरिका के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर उत्तर प्रदेश के लखनऊ से शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद कल्बे जवाद का भी बयान सामने आया है और उन्होंने कहा है कि हम आज रात 8 बजे मोमबत्ती जुलूस निकालेंगे। जवाद ने कहा, “ये सभी कायर हैं जिन्होंने एक ऐसे नेता को शहीद कर दिया जो हमेशा पीड़ितों की मदद करता था। ट्रंप और नेतन्याहू ने अपनी मौत का फरमान खुद लिख दिया है। अल्लाह उन्हें सजा देगा। हमने तीन दिन के शोक की घोषणा की है और लोगों को अपनी दुकानें और व्यवसाय बंद रखने चाहिए, लेकिन हमें किसी पर दबाव नहीं डालना चाहिए। यह मानवता के लिए एक बड़ी क्षति है। हम आज रात 8 बजे मोमबत्ती जुलूस निकालेंगे।”
गौरतलब है कि ईरान पर इजरायल और अमेरिका ने ज्वाइंट हमला किया, जिसमें खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों की मौत हो गई है। इस घटना से ईरान में हड़कंप मच गया है और ईरान ने धमकी दी है कि वह जवाबी कार्रवाई करेगा और खामेनेई की हत्या करने वालों को सबक सिखाएगा।
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि खामेनेई की मौत को ईरानी नागरिकों के लिए अपना देश वापस पाने का अब तक का सबसे अच्छा मौका है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की IRGC, पुलिस और सुरक्षाबलों के तमाम लोग अब लड़ना नहीं चाहते है। वह अमेरिका से छूट मांग रहे हैं। इस पर ट्रंप खुली चेतावनी देते हुए बोले अभी माफी मिल सकती है, लेकिन बाद में उन्हें केवल मौत मिलेगी!
