
फॉर्च्यूनर की टक्कर से दो लोगों की हुई मौत।
यूपी के गोरखपुर में बेकाबू फॉर्च्यूनर की टक्कर से स्कूटी सवार MBBS छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी गोल्डन साहनी को कोर्ट ने 14 दिनों की रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक नशे की हालत में फॉर्च्यूनर चला रहा आरोपी गोल्डन साहनी होली वाली रात फुल स्पीड में गाड़ी रॉन्ग साइड ड्राइव कर रहा था। इस दौरान उसने दो स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। फॉर्च्यूनर की टक्कर के बाद स्कूटी सवार MBBS के छात्र की ओवरब्रिज के ऊपर मौके पर ही मौत हो गई, जबकी हादसे में घायल दूसरे स्कूटी सवार की मौत गोरखपुर एम्स में इलाज के दौरान हो ग।
रील बनाने का शौकीन है गोल्डन साहनी
हादसे के बाद प्रॉपर्टी डीलर गोल्डन साहनी फॉर्च्यूनर लेकर फरार हो गया। नशे में कार चलाने का आरोपी गोल्डन साहनी रील बनाने का भी शौकीन है और वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद को यूपी सरकार के एक मंत्री का करीबी बताता है। रील बनाने और तेज रफ्तार कार चलाने के शौकीन गोल्डन साहनी को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल तो भेज दिया है, लेकिन उसकी अकड़ फिर भी कम नहीं हुई है। पुलिस कस्टडी में भी गोल्डन साहनी यूपी सरकार के एक मंत्री को अपना फूफा बताता है और महज दो दिन पहले उसकी लापरवाही के कारण हुई मौत का उसे जरा भी अफसोस नहीं है।
खुद को बताता है मंत्री का करीबी
सोशल मीडिया पर खुद को यूपी सरकार के मंत्री का करीबी बताने वाला गोल्डन साहनी अब पुलिस कस्टडी में है। पुलिस के मुताबिक उसके नशे में गाड़ी चलाने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद कोर्ट ने उसे 14 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। इधर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के छात्र अपने साथी आकाश पांडेय की मौत से काफी गुस्से में हैं। छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर आकाश को इंसाफ दिलाने और गोल्डन साहनी पर कड़े एक्शन की मांग की है। हालांकि गोल्डन साहनी की अकड़ फिर भी कम होने का नाम नहीं ले रही है। देखना ये होगा कि गोल्डन साहनी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढ़ें-
LPG Price Hike: इजरायल-ईरान जंग के बीच भारत में महंगी हुई रसोई गैस, 115 रुपये तक बढ़े दाम
