
इडली फ्राई
जब भी घर में इडली बनाई जाती है, तो अक्सर कुछ इडली बच ही जाती हैं। एक बार इडली फ्राई टेस्ट करने के बाद आप जब भी इडली बनाएंगे, जान बूझकर ज्यादा इडली बनाने की कोशिश करेंगे। अगर आपको चटपटा खाना पसंद है, तो यकीन मानिए ये रेसिपी आपकी फेवरेट रेसिपीज की लिस्ट में शामिल होने वाली है। आइए सबसे पहले जान लेते हैं कि घर पर इडली फ्राई बनाने के लिए आपको किस-किस सामग्री की जरूरत पड़ने वाली है।
इडली फ्राई बनाने के लिए 8-12 इडली, एक टमाटर, एक प्याज, एक हरी मिर्च, एक टेबल स्पून हरा धनिया, हाफ टी स्पून राई, एक टी स्पून सांबर मसाला, 1/4 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर, स्वादनुसार नमक और एक टेबल स्पून ऑयल की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- सबसे पहले आपको इडली को चौकोर पीस में काट लेना है। इसके बाद टमाटर और प्याज को बारीक-बारीक काट लीजिए।
दूसरा स्टेप- हरी मिर्च और हरे धनिए को भी बारीक काट लीजिए। अब गैस पर कढ़ाई चढ़ा दीजिए और इसमें तेल डालकर इसे गर्म कर लीजिए।
तीसरा स्टेप- गर्म तेल में राई डालिए। जब राई चटकने लग जाए, तब आप इसमें प्याज एड कर लगभग 3-5 मिनट तक भून लीजिए।
चौथा स्टेप- इसके बाद टमाटर, हरी मिर्च और नमक समेत सारे मसाले एड कर, सभी चीजों को 2 मिनट भून लीजिए।
पांचवां स्टेप- आखिर में आपको चौकोर साइज में कटे हुए इडली के पीस डालने हैं और सभी चीजों को आपस में अच्छी तरह से मिक्स कर लेना है।
छठा स्टेप- 1-2 मिनट तक इडली को पकने दीजिए और फिर गैस ऑफ कर दीजिए।
इडली फ्राई में बारीक कटे हुए धनिए को एड करना न भूलें क्योंकि इस स्टेप की वजह से इस डिश का टेस्ट कई गुना बढ़ सकता है। महज 10 मिनट के अंदर आपकी इडली फ्राई सर्व करने के लिए तैयार है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को इस डिश का स्वाद काफी ज्यादा पसंद आएगा।
