
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम
IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। दोनों ही टीमों के पास इस मैच को जीतकर इतिहास रचने का मौका होगा। न्यूजीलैंड की टीम अभी तक टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाई है। ऐसे में कीवी टीम पहली बार इस खिताब को जीतने के इरादे से उतरेगी। इसके साथ ही इस फाइनल मैच को जीतकर न्यूजीलैंड के पास वो रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा जो अभी तक सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के नाम है। न्यूजीलैंड के लिए यह दूसरा टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल है। इससे पहले उन्होंने 2021 में टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था, वहां उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
न्यूजीलैंड के पास होगा एक खास रिकॉर्ड बनाने का मौका
ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी तक एकमात्र ऐसी टीम है जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में कम से कम एक ICC ट्रॉफी अपने नाम की है। ये रिकॉर्ड अब न्यूजीलैंड के नाम भी हो सकता है। कीवी टीम ने साल 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी, 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंस की ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब इस फाइनल में वह टीम इंडिया को हराते हैं तो उनकी टीम तीनों फॉर्मेट में कम से कम एक ICC ट्रॉफी जीतने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो उनकी टीम अभी तक 6 वर्ल्ड कप, दो चैंपियंस ट्रॉफी, एक टी20 वर्ल्ड कप और एक WTC की ट्रॉफी जीत चुकी है। उनके अलावा अभी तक कोई भी टीम ऐसा कारनामा नहीं कर पाई है।
इस वर्ल्ड कप में दो मैच हार चुकी है न्यूजीलैंड की टीम
जारी टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के प्रदर्शन की बात करें तो उनकी टीम ने अभी तक इस एडिशन में कुल 8 मैच खेले हैं। इसमें से कीवी टीम को पांच में जीत मिली है, वहीं दो मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं न्यूजीलैंड का सुपर-8 में पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ बारिश की वजह से रद्द हो गया था। कीवी टीम ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी।
टीम इंडिया के पास भी इतिहास रचने का मौका
वहीं अगर टीम इंडिया फाइनल मैच में जीत दर्ज करती है तो फिर भारतीय टीम तीन बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। भारत अब तक दो-दो ट्रॉफी जीतने वाला संयुक्त रूप से तीसरा देश है। भारत ने 2007 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। भारत ने अगर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल जीता तो फिर टीम इंडिया पहली ऐसी टीम होगी, जिसने अपने टाइटल को डिफेंड किया है और घर पर भी ट्रॉफी उठाई हो, क्योंकि अभी तक कोई भी टीम अपने घर पर ये खिताब नहीं जीत पाई है।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया की नजरें तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने पर, जानें कब-कब किस टीम ने जीता है खिताब
IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में कैसा रहने वाला है अहमदाबाद की पिच का मिजाज, टॉस हो सकता है अहम
