वनडे विश्व कप 2011 को जीते हुए भारत को आज पूरे 15 साल हो गए हैं। दो अप्रैल 2011 के ही दिन भारत ने श्रीलंका को हराकर खिताब पर कब्जा किया था। खास बात ये है कि तब से लेकर अब तक टीम इंडिया ने कई आईसीसी खिताब जीते, लेकिन वनडे विश्व कप नहीं जीता है। इस बीच आपको कुछ खास बातें शायद पता नहीं होंगी। क्या आप जानते हैं कि भारत और श्रीलंका के बीच जो फाइनल मैच हुआ था, उसमें दो बार टॉस हुआ था। शायद नए लोगों को तो पता नहीं होगा। चलिए आपको कुछ रोचक बातें बताते हैं।
वनडे विश्व कप 2011 के फाइनल में आखिर क्यों हुआ दो बार टॉस
साल 2011 में खेले गए वनडे विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी एमएस धोनी कर रहे थे थे और श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा थे। इस फाइनल मैच के लिए जब दोनों कप्तान आए तो ऐसा कुछ घटा जो सदियों में कभी कभार होता है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैच से पहले दो बार टॉस कराना पड़ा था। जब पहली बार टॉस हुआ तो उसे भारतीय कप्तान एमएस धोनी जीत गए थे। लेकिन कुमार संगकारा का कहना था कि उन्होंने हेड्स बोला था और हेड ही आया है। लेकिन मैच रेफरी जेफ क्रो शायद उसे सुन नहीं पाए। ऐसा इसलिए क्योंकि वानखेड़े में इतना ज्यादा शोर था कि एक दूसरे की बात सुनना भी मुश्किल था।
दूसरी बार टॉस हुआ तो श्रीलंका ने इसे जीत लिया
जब टॉस को लेकर विवाद की स्थिति बनी तो ज्यादा बात ना बढ़े, इसलिए तय किया कि टॉस फिर से करा लिया जाए। इसके बाद दोबारा सिक्का उछाला गया और तब कुमार संगकारा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। हालांकि इसका बहुत ज्यादा फायदा तो संगकारा और श्रीलंका को नहीं मिला। उस वक्त लोग इस बात से नाराज हो गए थे कि दो बार टॉस क्यों हुआ। अब कुमार संगकारा ने चीटिंग की या फिर सच में ऐसा हुआ था, ये तो वे ही जानें।
धोनी ने जिस बैट से लगाया सिक्स, उस वक्त उसकी कीमत लाखों में थी
ये बात तो आपको याद ही होगी कि उस मैच में तब के कप्तान रहे एमएस धोनी ने सिक्स लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। जिस बैट से धोनी ने सिक्स लगाया था, उसे बाद में नीलामी के लिए रखा गया था। लंदन में एक चैरिटी डिनर के दौरान वो करीब 72 लाख रुपये में बिका था। ये आज की नहीं, बल्कि उस वक्त की रकम की बात हो रही है। अगर अब की कीमत का अंदाज लगाएं तो ये एक करोड़ से भी ज्यादा का जाकर होता है। ये बल्ला आज भी दुनिया के सबसे महंगे बल्लों में से एक है।
सचिन तेंदुलकर ने अपनाया था ये टोटका
ये तो आप जानते ही हैं कि खिलाड़ी अक्सर कोई ना कोई टोटका करते हैं। उस वक्त सचिन तेंदुलकर भी कुछ ऐसा ही कर रहे थे। बताया जाता है कि पूरे विश्व कप के दौरान सचिन तेंदुलकर जब बैटिंग के लिए जाते थे, तब बाएं पैर में पैड पहले पहना करते थे। हालांकि जब फाइनल मैच में सचिन और दूसरे सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग जल्दी आउट हो गए तो सचिन काफी टेंशन में थे। इस दौरान वीरेंद्र सहवाग जहां बैठे हुए थे, सचिन ने उन्हें वहां से उठने नहीं दिया। जब तक धोनी ने जीत वाला सिक्स लगा नहीं दिया, तब तक सहवाग ऐसे ही बैठे रहे। उसके बाद वे उठे और मैदान में पहुंचे, जहां जीत का जश्न मनाया जा रहा था।
यह भी पढ़ें
इंटरनेशनल क्रिकेट से किया रिटायरमेंट का ऐलान, साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी का बड़ा फैसला
ODI World Cup 2027: क्या है सुपर 6 फॉर्मेट, 24 साल बाद लौटेगा पुराना रोमांच, विस्तार से समझिए
