Iran US War: ईरान के साथ जंग में अमेरिकी सेना को लगातार भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। रविवार को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने इस्फहान परमाणु केंद्र के पास अमेरिका के एक और एयरक्राफ्ट को ढर कर दिया है। बीते 36 घंटे में अमेरिका को यह एक और बड़ा झटका है। इससे पहले के घंटों में ईरान ने अमेरिका के एक एफ-35, दो एफ-15, एक एफ-16 और एक ए-10 एयरक्राफ्ट कैरियर समेत कई हेलीकॉप्टर, एमक्यू-9 ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया था, जिसमें अमेरिका के 2 पायलट इजेक्ट कर गए थे। इनमें से एक पायलट मिसिंग था, जिसे अमेरिका ने आज खोज निकाला है। जबकि पहले को हमले वाले दिन ही बचा लिया गया था। अब ईरान ने अमेरिका को एक और बड़ा झटका दिया है।
इस्फहान परमाणु केंद्र के पास गिराया अमेरिकी विमान
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) के अनुसार अमेरिका और इजरायल ने रविवार को इस्फहान परमाणु केंद्र पर हमला किया। इस दौरान ईरान इस्लामिक गणराज्य के कानून प्रवर्तन कमांड (फ़राज़ा) सूचना केंद्र के बयान के अनुसार कहा गया, “कुछ ही देर पहले, दक्षिणी इस्फहान में पुलिस विशेष बलों की भारी गोलीबारी से अमेरिकी सी-130 सपोर्ट एयरक्राफ्ट को नष्ट कर दिया गया है।” वहीं इससे कुछ देर पहले आईआरजीसी ने इसी क्षेत्र में अमेरिका के एक एमक्यू-9 ड्रोन को भी मार गिराने का दावा किया था।
इजरायल और अमेरिका ने 5वीं बार किया इस्फहान पर हमला
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा निगरानी एजेंसी (आईएईए) की परमाणु केंद्र पर हमले न करने की अपील को दरकिनार करते हुए अमेरिका और इजरायल ने रविवार को 5वीं बार ईरान के इस्फहान परमाणु केंद्र को निशाना बनाया। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इससे एक दिन पहले इस्फहान पर हुए चौथे इजरायली-अमेरिकी हमले के बाद ही मिडिल-ईस्ट क्षेत्र में रेडियोएक्टिव विकिरण फैलने की आशंका जाहिर की थी और इससे मध्य-पूर्व के देशों सऊदी अरब, यूएई, बहरीन, ओमान और कतर जैसे देशों में जीवन समाप्त होने की चेतावनी भी दी थी। इसके बावजूद अमेरिका और इजरायल ने ईरान के इस्फान केंद्र पर हमला कर दिया।
