
24 घंटे के भीतर 3 भीषण सड़क हादसे
रांची: झारखंड में बीते 24 घंटों में अलग-अलग सड़क हादसों में 8 लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं। मृतकों में 6 साल की एक स्कूली छात्रा भी शामिल है। ये हादसे साहिबगंज के बड़हरवा, पलामू, गोड्डा और रांची में 24 घंटे के भीतर हुए हैं।
साहिबगंज के बड़हरवा में 4 लोगों की मौत
पहली घटना शुक्रवार की है, जहां बरहेट-बड़हरवा मुख्य सड़क पर एक ऑटोरिक्शा और एक तेल टैंकर के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल है। इस मामले के बारे में बड़हरवा के एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि ऑटोरिक्शा और तेल टैंकर के बीच टक्कर में समरा साह (30), रंदानी सोरेन (30), स्कूली छात्रा शांति हेम्ब्रम (6) और ऑटोरिक्शा चालक अमल कुमार की मौत हो गई।
इस घटना के बाद तेल टैंकर का ड्राइवर फरार हो गया और वाहन को मौके पर ही छोड़ गया। इस घटना में घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पलामू में 2 लोगों की मौत
पलामू जिले के डुमरी गांव में भी 2 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक के सड़क पर फिसलने की वजह से ये हादसा हुआ। इस घटना में 2 लोग घायल भी हुए हैं। इस बारे में लेसलीगंज के एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने जानकारी दी और बताया कि मृतकों की पहचान मनोज तुरी (26) और प्रेम भारती (25) के रूप में हुई है।
रांची में बाइक सवार की मौत
रांची में गुरुवार रात बिरसा चौक के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक एक बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। युवक की उम्र 26 साल थी। इस घटना के बारे में जगन्नाथपुर पुलिस थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने जानकारी दी और मृतक की पहचान भी बताई। मृतक की पहचान विवेक कुमार तिर्की के रूप में हुई है।
गोड्डा में कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत
गोड्डा जिले में भी गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां पोरैयाहाट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत भाटोंडा राजमार्ग पर एक कार और ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत हुई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। इस बारे में गोड्डा के डीएसपी जे.पी.एन.चौधरी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान गोड्डा के हरिपुर निवासी 27 वर्षीय निरंजन मिर्धा के रूप में हुई है।
