
बांग्लादेश
बांग्लादेश से बड़ी खबर आ रही है। बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत आने से इनकार कर दिया है। इसके साथ ही साफ हो गया है कि बांग्लादेश वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगी। बांग्लादेश लगातार भारत में खेलने से इनकार कर रहा था, जिसके बाद ICC ने उन्हें साफ कहा कि वेन्यू नहीं बदला जाएगा। अब बांग्लादेश ने भारत में वर्ल्ड कप नहीं खेलने का फैसला किया है। बता दें, T20 वर्ल्ड कप 2026 का 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में खेला जाना है। T20 वर्ल्ड कप का बॉयकाट करने के बाद अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से बड़ा बयान आया है।
BCB ने ICC पर लगाया आरोप
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने अपने बयान में कहा कि हम ICC के साथ बातचीत करते रहेंगे। हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन हम भारत में नहीं खेलेंगे। हम लड़ते रहेंगे। ICC बोर्ड मीटिंग में कुछ चौंकाने वाले फैसले लिए गए। मुस्तफिजुर का मामला कोई अकेला मामला नहीं है। उस मामले में वे (भारत) अकेले फैसला लेने वाले थे। उन्होंने आगे कहा कि ICC ने भारत से हमारे मैचों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की हमारी रिक्वेस्ट को मना कर दिया था। हमें वर्ल्ड क्रिकेट की स्थिति के बारे में पक्का नहीं पता। इसकी पॉपुलैरिटी कम हो रही है। उन्होंने 200 मिलियन लोगों को बंद कर दिया है। क्रिकेट ओलंपिक में जा रहा है, लेकिन अगर हमारे जैसा देश वहां नहीं जा रहा है, तो यह ICC की नाकामी है।
T20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पिछले कुछ दिनों से ICC से वेन्यू बदलने की गुहार लगा रहा था। दरअसल, हाल ही में BCCI के कहने के बाद KKR ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपने स्क्वॉड से रिलीज कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर बांग्लादेश ने अपनी टीम को भारत नहीं भेजने का फैसला किया था।
नई टीम को मिलेगा मौका
गौरतलब है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें शिरकत करेंगी। बांग्लादेश को टूर्नामेंट में ग्रुप-सी में रखा गया था, जिसमें इटली, वेस्टइंडीज, नेपाल और इंग्लैंड की टीम भी शामिल हैं। बांग्लादेश के वर्ल्ड कप से हाथ पीछे खींचने के बाद अब नई टीम को वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिलेगा।
