प्रतीकात्मक फोटो
दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट(IGI) पर पुलिस स्टेशन में तैनात 2 हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर उन्हें गिरफ्तार करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए दोनों हेड कांस्टेबल्स पर 50 लाख का सोना लूटने का आरोप है। आला अधिकारियों से शिकायत करने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एक्शन लिया गया।
स्पेशल स्क्वाड में तैनात थे दोनों कांस्टेबल
दरअसल मस्कट और कतर से कुछ लोग अपने मालिक का सोना लेकर आए थे, ये लोग मजदूर बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने इन्हें जांच के नाम पर रोका और इनसे पूरा सोना छीन लिया। इन लोगों ने जब इस बात की शिकायत आला अधिकारियों से की, तो इसके बाद दोनों हेड कांस्टेबल्स को सस्पेंड कर दिया गया और आरोपियों के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया। जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी थाने के स्पेशल ऑपरेशन स्क्वाड में तैनात थे।