प्रियंका गांधी ने गायत्री पीठ में किया हवन-पूजन- India TV Hindi

Image Source : TWITTER
प्रियंका गांधी ने गायत्री पीठ में किया हवन-पूजन

सागवाड़ा: राजस्थान का चुनावी समर अपने उफान पर है। 25 नवंबर को राज्य में मतदान होना है। उससे पहले सभी पार्टियां तूफानी चुनावी प्रचार में जुटी हुई हैं। यहां मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है। हालांकि कुछ सीटों पर निर्दलीय समेत कई अन्य दलों के उम्मीदवार टक्कर में हैं। चुनावों से पहले सभी दलों के बड़े नेता जमकर रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं। 

इसी क्रम में शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी राज्य के दौरे पर पहुंची। यहां उन्होंने सागवाड़ा स्थित गायत्री पीठ में हवन और पूजन किया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि प्रियंका यजमान की भूमिका में बैठी हैं और एक ब्राह्मण हवन को सम्पन्न करा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ भगवान शंकर का जलाभिषेक भी किया।

बिखरी हुई पार्टी है बीजेपी- प्रियंका गांधी 

वहीं इससे पहले सागवाड़ा के डूंगरपुर में एक चुनावी जनसभा में भारतीय जनता पार्टी को बिखरी हुई पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि यहां के बड़े-बड़े नेताओं को किनारे कर दिया गया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने नाम पर वोट मांग रहे हैं। कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘आज अगर आप भाजपा को देखें तो वह राजस्थान में बिखरी हुई पार्टी है। उनसे पूछिए कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका चेहरा कौन है? वे इसका भी जवाब नहीं दे सकते। प्रधानमंत्री मोदी जी प्रदेश के कोने-कोने में घूम रहे हैं। कभी-कभी लगता है कि वे अपने मुख्यमंत्री का चेहरा ढूंढ़ने निकले हैं।’’ 

Image Source : TWITTER

प्रियंका गांधी ने अशोक गहलोत के साथ जलाभिषेक भी किया

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि उन्हें अपने नेताओं पर विश्वास नहीं है, वे अपने नाम पर वोट मांग रहे हैं। प्रियंका ने कहा, ‘‘तो आपका प्रदेश चलाएगा कौन? मोदी जी तो दिल्ली से नहीं आएंगे इसे चलाने के लिए। इसे चलाने के लिए राजस्थान का कोई चाहिए। उनके बड़े बड़े नेताओं को परे कर दिया गया है। वे अपने नाम पर वोट मांग रहे हैं।’’ प्रियंका ने कहा,‘‘आपने गहलोत की सरकार देखी है। पांच साल से जैसा कि गहलोत कहते रहे हैं – आप मांगते-मांगते थक जाओगे, लेकिन मैं देने में नहीं थकूंगा। उनकी यह नीयत है। कांग्रेस पार्टी का यही सिद्धांत है।’’ 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version