Priyanka Gandhi addressed the election rally in Morena said Congress was established on Hindu religi- India TV Hindi

Image Source : FILE PHOTO
मुरैना पहुंची प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी का गठन हिंदू धर्म के सिद्धांतों और सत्य की बुनियाद पर किया गया। प्रियंका गांधी वाद्रा ने मध्यप्रदेश के मुरैना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सत्तारूढ़ सरकार वोट हासिल करने के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी परंपरा महात्मा की है। हमारी (कांग्रेस की) राजनीतिक नींव महात्मा गांधी ने रखी थी, जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी। हिंदू धर्म जो सिखाता है, कांग्रेस उस पर आधारित है। महात्मा गांधी ने हमें सच्चाई के रास्ते पर चलना सिखाया।’’ 

प्रियंका गांधी ने चुनावी रैली को किया संबोधित

उन्होंने कहा कि भारत को इस सच्चाई के कारण आजादी मिली और सत्तारूढ़ पार्टी का धर्म देश और उसके लोगों की सेवा करना होना चाहिए। कांग्रेस नेता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘यह हमारी परंपरा है। लेकिन पिछले 10 वर्षों में आपने सत्ता में बने रहने के लिए धर्म के नाम पर वोट हासिल किए हैं।’’ प्रत्येक नागरिक को धार्मिक बताते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने उन्हें पूजा करना सिखाया था। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता राजीव गांधी के साथ मंदिर जाती थीं। 

प्रियंका गांधी बोलीं- हिंदू धर्म सत्य है

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी मां (सोनिया गांधी) ने देश से ये परंपराएं सीखीं। उन्होंने मुझे सिखाया कि हिंदू धर्म क्या है। हिंदू धर्म सत्य है। देश का आदर्श वाक्य सत्यमेव जयते है। हम इसे दिल से जानते हैं।’’ प्रियंका गांधी ने सवाल किया, ‘‘प्रधानमंत्री कहते हैं कि कांग्रेस आपके मंगलसूत्र छीन लेगी। यह अविश्वसनीय है। कांग्रेस 55 वर्षों तक सत्ता में थी। क्या उसने आपका सोना या मंगलसूत्र चुराया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दावा किया, ‘‘इंदिराजी ने इस देश को अपना सोना दिया। मेरी मां ने देश के लिए अपना मंगलसूत्र बलिदान कर दिया। कांग्रेस आपसे कुछ नहीं छीनेगी। इंदिराजी ने गरीबों को (भूमि के) पट्टे दिए। अब गरीबों की जमीन अरबपति कारोबारियों को दी जा रही है।’’ 

(इनपुट-भाषा)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version