
नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल।
लोकसभा चुनाव 2024 के बाद भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन एक बार फिर से केंद्र में सरकार बनाने जा रहा है। वहीं, दूसरी विपक्षी दलों के INDIA अलायंस में टूट और नाराजगी सामने आने लगी है। पहले आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान कर दिया तो दूसरी ओर अब राजस्थान के नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल भी कांग्रेस से नाराज बताए जा रहे थे। अटकलें लगाई जा रही थीं कि बेनीवाल एनडीए के साथ जा सकते हैं। हालांकि, अब हनुमान बेनीवाल ने खुद सामने आकर इस मामले पर अपना रुख साफ कर दिया है।
क्या बोले हनुमान बेनीवाल?
नागौर लोकसभा सीट से विजयी उम्मीदवार हनुमान बेनीवाल ने कहा कि 5 जून को INDIA गठबंधन की एक बैठक बुलाई गई थी जिसमें मुझे आमंत्रित नहीं किया गया। मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुझे फोन किया और कहा कि यह हमसे गलती हुई है। हमने राजस्थान में ग्यारह लोकसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। हनुमान ने आगे कहा कि अगर वे मुझे अगली बैठक में नहीं बुलाते हैं, तो भी मैं एनडीए के साथ नहीं जाऊंगा। मैं तीसरी ताकत के रूप में लड़ूंगा। हनुमान ने कहा कि अग्निवीर योजना को खत्म किया जाना चाहिए।
