चोरी के शक में तीन युवकों को भीड़ ने बुरी तरह पीटा- India TV Hindi

Image Source : INDIA TV
चोरी के शक में तीन युवकों को भीड़ ने बुरी तरह पीटा

कटिहारः बिहार के कटिहार जिले में मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है। कोढ़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया के वार्ड चार में साइकिल चोरी के शक में भीड़ ने तीन युवकों को बुरी तरह पीट दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इनमें से एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोगों का इलाज अभी जारी है। मृतक की पहचान पंचानंद उर्फ पंच लाल के रुप में हुई है। घटना गुरुवार की है। 

पुलिस ने तीन लोगों किया गिरफ्तार

पुलिस अधिकारी ने बताया कि एफआईआर में चार नाम दिए गए थे और कुछ अज्ञातों के बारे में बताया गया था। उनमें से तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाकी अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस केस में सुलेखा देवी,  दिनेश दास जो कि सरपंच है और नीरज दास को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों की हालत नाजुक है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर स्थिति को गंभीर देखते हुए दोनों युवकों को पूर्णियां रेफर कर दिया है।

साइकिल चोरी की शक में हुई पिटाई

जानकारी के अनुसार, झिकटिया निवासी 45 वर्षीय पंचलाल ऋषि अपने दोस्तों के साथ फुलवरिया दास टोला गया था। जहां पर ग्रामीणों ने मनोज दास का साइकिल चोरी का आरोप लगाकर पिटाई शुरू कर दी।पंचलाल ऋषि समेत कुल तीन लोगों का हाथ बांधकर रखा था। 

मृतक की पत्नी आशा देवी ने बताया कि उनके पति सुबह घर में ही थे। करीब 12 बजे के आसपास हमने खाना खाने के लिए उनकी खोज बिन शुरू की तो कुछ पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पता चला कि आपका पति कोढ़ा सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती हैं। अस्पताल आने पर पता चला कि मेरे पति पंचलाल ऋषि की मौत हो चुकी है। दो अन्य लोगों के बारे में बताया कि इन लोगों का नाम व घर पता नहीं है। ये दोनों इस टोले में लगभग 10 दिन से रह रहे थे। 

पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया

घटना की सूचना 112 नंबर पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने बंधक बना तीनों व्यक्ति को उठाकर इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जहां एक की मौत हो गयी। इस सिलसिले में तीन लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। 

रिपोर्ट- निरंजन सिंह





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version