बहराइच में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बीते दिनों जमकर हिंसा हुई थी। महराजगंज इलाके में दुर्गा पूजा के बाद विसर्जन के लिए जा रहे लोगों पर पथराव और गोलीबारी में राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिंसा और हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, प्रशासन द्वारा अब इलाके में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की भी तैयारी की जा रही है। बहराइच में दंगे के मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के घर समेत कुल 23 घरों अवैध निर्माण का नोटिस जारी किया गया है।
PWD विभाग की ओर से बहराइच के महराजगंज बाजार में दंगे के मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के घर समेत कुल 23 घरों में अवैध निर्माण को लेकर नोटिस लगाया गया है। इस नोटिस में कहा गया है अगर मध्य सड़क से 60 फिट के दायरे में उनका घर है तो निर्माण की परमिशन कॉपी दिखाए अन्यथा अपना निर्माण स्वयं तोड़ें।
प्रशासन की ओर से अवैध निर्माण को हटाने के लिए 3 दिन का वक्त दिया गया है। ये नोटिस 17 October को जारी हुआ है। नोटिस जारी करने की तिथि के अनुसार सभी के पास कल तक का समय है। परसों से प्रशासन बुलडोजर एक्शन कर सकता है। दंगों के मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के घर में 20 फिट अवैध निर्माण है। कुल 23 घरों में नोटिस लगाए गए हैं जिनमें से 19 घर मुस्लिम और 4 घर हिन्दुओं के हैं।