पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह।
नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुवार की शाम उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 92 वर्षीय मनमोहन सिंह की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि सिंह को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया है। बता दें कि मनमोहन सिंह बीते 26 सितंबर को 92 साल के हुए थे और इस मौके पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई अन्य नेताओं ने बधाई दी थी।
गाह में हुआ था जन्म, अब पाकिस्तान का हिस्सा
कांग्रेस ने मनमोहन सिंह को दूरदर्शी राजनेता बताते हुए कहा था कि उनके योगदान को इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। बता दें कि मनमोहन सिंह का जन्म 1932 में पंजाब के गाह गांव में हुआ था जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। उन्होंने 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवाएं दीं। वह जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और नरेन्द्र मोदी के बाद सबसे लम्बे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में चौथे नंबर पर हैं। (खबर अभी अपडेट की जा रही है। इनपुट पीटीआई से है)