स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और भारत की प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू।
Image Source : PTI
स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और भारत की प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू।

ब्रातिस्लावा: स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ अपनी वार्ता के बाद कहा कि भारत और स्लोवाकिया इस बात पर सहमत हुए हैं कि यूक्रेन युद्ध का समाधान ‘‘हथियारों’’ के माध्यम से नहीं बल्कि निरंतर शांति वार्ता और कूटनीतिक तरीकों से हो सकता है। अपने प्रेस वक्तव्य में पेलेग्रिनी ने कहा कि उनकी बैठक के दौरान स्लोवाकिया की पूर्वी सीमा पर स्थित यूक्रेन में संघर्ष का मुद्दा उठा। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस बात पर सहमत हुए हैं कि इस संघर्ष का समाधान, हमें और अधिक हथियारों के बल पर नहीं दिखता।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमें युद्ध के मैदान में शांति प्राप्त होती नहीं दिखती। इसके बजाय, यूक्रेन में रक्तपात को रोकने के लिए शांति वार्ता और कूटनीतिक रास्ते ही एकमात्र रास्ता है।’’ मुर्मू ने अपने प्रेस वक्तव्य में यह बात नहीं कही, लेकिन उन्होंने यूक्रेन में युद्ध छिड़ने के समय भारतीय छात्रों को निकालने में मदद के लिए स्लोवाकिया को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा स्लोवाकिया के ‘‘सहयोग और उदारता’’ को याद रखेगा, जो एक सच्चे मित्र और साझेदार के रूप में संबंधों को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी मुद्दों और साझा वैश्विक और क्षेत्रीय मामलों की समीक्षा की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने इस बात के लिए किया स्लोवाकिया का आभार

राष्ट्रपति भवन में अतिथि पुस्तिका में अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि वह दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के 1.4 अरब नागरिकों की ओर से शुभकामनाएं लेकर आई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारत और स्लोवाकिया लोकतांत्रिक मूल्यों और वैश्विक शांति के प्रति प्रतिबद्ध हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी साझेदारी और मजबूत होगी।’’ उन्होंने गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य-सत्कार के लिए राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और स्लोवाकिया की सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने स्लोवाकिया में भारतीय कला और संस्कृति की बढ़ती लोकप्रियता का भी उल्लेख किया।

भारत ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति को किया आमंत्रित

भारत के राष्ट्रपति कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत के तेजी से बढ़ते मीडिया, मनोरंजन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच अधिक निकटता से सहयोग करने की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला, जिसमें स्लोवाकिया को फिल्म शूटिंग का गंतव्य और संयुक्त फिल्म निर्माण में भागीदार के रूप में बढ़ावा देना शामिल है।’’ उन्होंने स्लोवाकिया को एक से चार मई तक मुंबई में भारत द्वारा आयोजित किए जा रहे आगामी ‘वेव्स’ सम्मेलन में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया। पेलेग्रिनी ने कहा कि स्लोवाकिया और भारत के बीच बहुत मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और कई विषय दोनों देशों को जोड़ते हैं। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि आपसी व्यापार में ठोस वृद्धि हो रही है और पिछले पांच वर्षों में यह तीन गुना बढ़कर लगभग 1.3 अरब यूरो के स्तर पर पहुंच गया है। (भाषा)

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version