विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि देते हुए गृह मंत्री अमित शाह।
Image Source : X (@AMITSHAH)
विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि देते हुए गृह मंत्री अमित शाह।

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का सोमवार की शाम राजकोट में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कई अन्य नेता भी मौके पर मौजूद रहे। रूपाणी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया है। आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की बीते 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे में मृत्यु हो गई थी। इस प्लेन क्रैश में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई थी।

अंतिम दर्शन के लिए कतारों में खड़े हुए लोग

सोमवार को राजकोट में बड़ी संख्या में लोग पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के अंतिम दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। विजय रूपाणी का पार्थिव शरीर एयरपोर्ट से राजकोट में उनके आवास तक लाया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिये खड़े थे। अंतिम संस्कार से पहले रूपाणी के पार्थिव शरीर को फूलों से सजे वाहन में उनके घर ले जाया गया। विजय रूपाणी के समर्थकों ने उन के पार्थिव शरीर पर फूल बरसाए और उनके लिए नारे भी लगाए।

अमित शाह समेत इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल, राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने रूपाणी को उनके आवास पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शवयात्रा उनके घर से श्मशान घाट तक पहुंची। अमित शाह समेत अन्य नेता यहां भी मौजूद रहे।

विजय रूपाणी के लिए क्या बोले अमित शाह?

गृह मंत्री अमित शाह ने विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि देते समय की तस्वीर को X पर पोस्ट किया और लिखा- “आज राजकोट में विजय भाई रूपाणी जी के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विजय भाई संगठन से लेकर सरकार तक आजीवन विचारधारा के प्रति पूर्णतः समर्पित रहे। उनके जैसे अनुशासित और निष्ठावान साथी को खोना भाजपा परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। वे हम सब के बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी स्मृति सदैव हमारे मन में जीवित रहेगी। सोमनाथ दादा से प्रार्थना करता हूँ कि वे पुण्यात्मा को सद्गति दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति”

DNA के मिलान से हुई शव की पहचान

विजय रूपाणी अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री थे। वह बीते 12 जून को एयर इंडिया के विमान से लंदन जा रहे थे। हालांकि, ये विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद क्रैश हो गया। विमान में सवार 242 यात्रियों और क्रू मेम्बर्स में से 241 लोगों की मौत हो गई जिसमें विजय रूपाणी भी शामिल थे। जानकारी के मुताबिक, विजय रूपाणी का शव बुरी तरह जल चुका था और उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी। रविवार को उनके शव की पहचान उनके रिश्तेदारों के डीएनए नमूनों से मिलान के बाद की गई। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढे़ं- विमान हादसा: पूर्व CM रूपाणी समेत 47 के शव परिवार को सौंपे गए, DNA से शाम 4 बजे तक 114 मृतकों की हुई पहचान

अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद से फिल्ममेकर लापता, आखिरी लोकेशन घटनास्थल से 700 मीटर दूर, परिवार ने दिए DNA सैंपल

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version