झारखंड में 6 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी
Image Source : PTI
झारखंड में 6 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

रांचीः झारखंड में 6 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में रुक-रुक कर भारी बारिश हो सकती है। रांची समेत राज्य के बड़े इलाकों में बुधवार सुबह से ही छिटपुट बारिश हो रही है। झारखंड में 17 जून को मानसून आने के बाद से लगातार बारिश हो रही है।

झारखंड के इन जिलों में 6 जुलाई तक होगी बारिश

मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह 8.30 बजे तक गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, लोहरदगा, रांची, रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिलों में भी तीन जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। लोहरदगा, लातेहार, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों के लिए 4 जुलाई को सुबह 8.30 बजे तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि मानसून के प्रभाव से 6 जुलाई तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 1 जून से 2 जुलाई के बीच 382.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 206.5 मिमी होती है। 

भारी बारिश से कई नदियों का जलस्तर बढ़ा 

जमशेदपुर में खरकई और स्वर्णरेखा नदियां उफान पर हैं और खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बहरागोड़ा प्रखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई घर जलमग्न हो गए हैं और वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने खरकई और स्वर्णरेखा के जलग्रहण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर में अचानक वृद्धि होने की स्थिति में सतर्क रहें और प्रशासन के परामर्श का पालन करें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। 

इनपुट- पीटीआई





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version