मलकानगिरी टाऊन थाना
Image Source : REPORTER INPUT
मलकानगिरी टाऊन थाना

मल्कानगिरीः ओडिशा के मल्कानगिरी जिले से एक बेहद परेशान करने वाली और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की के साथ सिर्फ बलात्कार ही नहीं, बल्कि 4 लोगों ने मिलकर बेहद क्रूरता से सामूहिक बलात्कार किया। इससे भी चौंकाने वाली बात ये है कि यह अमानवीय काम दो अलग-अलग जगहों पर अंजाम दिया गया।

इस पूरे मामले का खुलासा मल्कानगिरी के पुलिस अधीक्षक विनोद पाटिल एच ने मंगलवार को किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में इसे बलात्कार का मामला माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहरी जांच के बाद पता चला कि यह सामूहिक बलात्कार का मामला है।

6 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार

मलकानगिरी के एसपी ने कहा,”मलकानगिरी टाऊन थाने में 363/25 और 364/25 के नंबर से दुष्कर्म के शिकायत दर्ज हुए थे। मामले में शामिल सभी आरोपियों को 6 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रोफेशनल तरीके से जांच होगी। हमारी कोशिश यह रहेगी कि जल्द ही चार्जशीट फाइल हो जाए। सभी आरोपियों को जल्द ही कोर्ट फॉरवर्ड भी कर दिया जाएगा।केस नंबर 363 के अनुसार मलकानगिरी शहर से लगभग 10/15 किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह पर एक ट्रक ड्राइवर ने एक नाबालिग लड़की का दुष्कर्म किया था। केस नंबर 364 के अनुसार ट्रक ड्राइवर से पहले 3 और लोगों ने पीड़िता के  साथ मलकानगिरी टाऊन इलाके में गैंगरेप किया था । कुल 4 लोग जो इन मामलों में शामिल थे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।”

सहेली की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गई थी पीड़िता

दरअसल यह भयावह घटना रविवार शाम को हुई, जब नाबालिग लड़की अपनी एक सहेली की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गई थी। पार्टी से लौटते समय, उसे तीन लोगों ने किडनैप कर लिया। किडनैप करने के बाद, आरोपी उसे मल्कानगिरी शहर से लगभग 10 से 15 किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह पर ले गए। यहां, तीनों आरोपियों ने लड़की को यातनाएँ दीं और बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। यह उस बच्ची के लिए एक बुरे सपने से कम नहीं था।

बचने के लिए ट्रक ड्राइवर से मांगी मदद तो उसने भी किया रेप

किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए, नाबालिग लड़की उस पहली जगह से भाग निकलने में कामयाब रही। लेकिन उसकी मुसीबतें यहीं खत्म नहीं हुईं। मल्कानगिरी शहर के बाहरी इलाके के पास, उसकी मुलाकात एक ट्रक चालक से हुई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उस ट्रक ड्राइवर ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। उसी वक्त किस्मत से, कुछ स्थानीय लोगों ने उस नाबालिग लड़की को ट्रक चालक के साथ संदिग्ध हालत में देखा। उनकी सूझबूझ और मदद से पीड़ित लड़की की जान बची। इस तरह, नाबालिग लड़की को अलग-अलग और बार-बार अमानवीय यातनाओं और यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।

पुलिस बोली- पीड़िता को मिलेगा न्याय

इस जघन्य अपराध की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। तेज और गहन जांच के बाद, पुलिस ने इस घिनौने अपराध में शामिल सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे ओडिशा और खासकर मल्कानगिरी में जनता में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। हर तरफ से इस मामले में त्वरित सुनवाई चलाने और आरोपियों को कठोर दंड देने की मांग उठ रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस मामले की पूरी और गहन जांच की जाएगी और पीड़ित को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा। यह घटना समाज में महिलाओं और खासकर नाबालिगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

 

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version