
विराट कोहली, अनुष्का शर्मा।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा देश के सबसे चर्चित कपल्स में से एक हैं। फैंस की नजरें अक्सर इस सेलिब्रिटी कपल को ढूंढती रहती हैं। एक तरफ जहां अनुष्का 7 साल से ज्यादा लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, वहीं इसी साल मई में विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ऐलान कर दिया था। अनुष्का और विराट इन दिनों लाइमलाइट से दूर अपने बच्चों वामिका और अकाय के साथ लंदन में समय बिता रहे हैं। हाल ही में दोनों का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें दोनों को बिना किसी ताम-झाम आम लोगों की तरह लंदन की सड़कों पर घूमते और लोकल लोगों के साथ बात करते देखा गया।
लंदन की सड़कों पर टहलते अनुष्का-विराट का वीडियो वायरल
विराट कोहली के फैन क्लब ने उनका और अनुष्का का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें किंग कोहली और अनुष्का दोनों ही कैजुअल लुक में नजर आ रहे हैं। दोनों के इर्द-गिर्द न तो कोई बॉडीगार्ड हैं और न ही हेल्पर। वीडियो में विराट शॉर्ट्स और बेज स्वेटशर्ट में नजर आ रहे हैं। उन्होंने एक हाथ में पानी की बड़ी सी बोतल पकड़ रखी है तो वहीं एक हाथ में छाता पकड़ा है। वहीं अनुष्का ब्लैक पैंट और व्हाइट टॉप में कैजुअल लुक में देखी जा सकती हैं।
फैंस को भाया कपल का सादगीभरा अंदाज
इस वीडियो में अनुष्का और विराट गुजर रहे होते हैं और किसी स्थानीय कपल से बात करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर अक्सर ही अनुष्का और विराट के वीडियो-तस्वीरें वायरल होती रहती हैं, जिसमें दोनों का सादगी भरा जीवन देखकर फैंस इनकी तारीफ करते नहीं थकते। इस बार भी यूजर्स ने कमेंट करते हुए स्टार कपल पर प्यार बरसाया और उनकी सादगी की तारीफ की। वहीं कई ने उनके लाइमलाइट से दूर परिवार के साथ समय बिताने के फैसले की भी तारीफ की।
कब होगी अनुष्का की वापसी?
अनुष्का शर्मा आखिरी बार बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ ‘जीरो’ (2018) में देखा गया था, जिसमें उन्होंने लीड रोल निभाया था। उनके और शाहरुख के साथ इस फिल्म में कैटरीना कैफ भी अहम रोल में थीं। जीरो के बाद ‘कला’ में उनका कैमियो देखने को मिला था। वह बायोपिक ‘चकदा एक्सप्रेस’ में नजर आने वाली थीं, जो 2022 में रिलीज होनी थी, लेकिन फिल्म लगातार पोस्टपोन होती जा रही है। ऐसे में उनके फैंस 7 साल से बड़े पर्दे पर उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं।