
राजा गार्डन में इलेक्ट्रॉनिक स्टोर में लगी आग
नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के राजा गार्डन में इलेक्ट्रॉनिक स्टोर में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई है और एक घायल है। अग्निशमन अधिकारी ने ये जानकारी दी है।
क्या है पूरा मामला?
आज करीब 2.30 बजे दिल्ली दमकल विभाग को कॉल मिली कि राजा गार्डन रिंग रोड पर महाजन इलेक्ट्रॉनिक्स में आग लगी है। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर जाकर ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर लगी आग पर काबू पाया।
थर्ड फ्लोर पर शोरूम में काम करने वाले 4 लोग स्मोक में फंस गए थे। दमकल ने चारों को रेस्क्यू करके अस्पताल में भर्ती कराया, अस्पताल में दो लड़कियों और एक लड़के को मृत घोषित कर दिया है जबकि इनका एक साथी संदीप अस्पताल में भर्ती है। साथ ही एक दमकलकर्मी भी घायल हुआ है।
हालही में दिल्ली के एक अस्पताल में लगी थी आग
अगस्त महीने में ही दिल्ली के आनंद विहार इलाके के कॉसमॉस अस्पताल में भीषण आग लगी थी। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई थी और 11 लोग घायल हुए थे। दिल्ली पुलिस ने बताया था, “विकास मार्ग स्थित कॉसमॉस अस्पताल में दोपहर करीब 12:20 बजे आग लग गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। आठ मरीजों को पास के पुष्पांजलि अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। धारा 287/106(1) बीएनएस (285/304ए आईपीसी) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।”
इससे पहले जुलाई महीने में दिल्ली के करोलबाग में भी आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई थी। ये हादसा करोलबाग के विशाल मेगा मार्ट में हुआ था। आग को बुझाने के लिए फायर बिग्रेड को बाहर से दीवार तोड़ना पड़ा था।
गौरतलब है कि दिल्ली में आए दिन आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, जिसमें जन और धन दोनों की हानि होती है। ऐसे में आग लगने की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके, ऐसी कोई योजना लाए जाने की जरूरत है।
