
पीएम मोदी करेंगे चीन और जापान की यात्रा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर के बीच भारत और चीन के संबंधों में सुधार होते दिखाई दे रहे हैं। इस बीच अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान और चीन का दौरा करने जा रहे हैं। ध्यान देने वाली बात है कि पीएम मोदी साल 2020 में गलवान में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद पहली बार चीन की यात्रा पर जा रहे हैं। अब भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से पीएम मोदी के जापान और चीन यात्रा की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। पीएम मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक जापान और चीन की यात्रा करेंगे।
पीएम मोदी की जापान यात्रा का शेड्यूल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त को पहले जापान की दो दिवसीय यात्रा के लिए रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है पीएम मोदी 29 और 30 अगस्त को जापान में रहेंगे और यहां 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पीएम के तौर पर मोदी की ये 8वीं जापान यात्रा होगी। पीएम मोदी और जापान के पीएम शिगेरु इशिबा दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही दोनों नेता रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग और क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
पीएम मोदी की चीन यात्रा का शेड्यूल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान से चीन की यात्रा के लिए रवाना होंगे। पीएम मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक चीन की यात्रा पर रहेंगे। वह 1 सितंबर को चीन के तियानजिन में संघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा- “शिखर सम्मेलन से इतर, प्रधानमंत्री मोदी के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने की संभावना है।”
PM मोदी कब-कब गए चीन?
तारीख | शहर | इवेंट |
14 मई से 16 मई, 2015 | शीआन, बीजिंग, शंघाई | पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा |
3 सितंबर से 5 सितंबर, 2016 | हांग्जो | जी20 शिखर सम्मेलन |
3 सितंबर से 5 सितंबर, 2017 | ज़ियामेन | 9वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन |
27 अप्रैल से 28 अप्रैल, 2018 | वुहान | शी जिनपिंग के साथ पहली अनौपचारिक शिखर बैठक |
9 जून से 10 जून, 2018 | क़िंगदाओ | एससीओ शिखर सम्मेलन |
ये भी पढ़ें- भारत ने बॉर्डर पर किस तरह का बदलाव किया, कितनी सड़कें, सुरंगें और पुल बने? BRO के DG ने दी पूरी जानकारी
भारत किस देश के साथ बनाएगा 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान का इंजन? राजनाथ सिंह ने कर दिया खुलासा