
माफिया अनुपम दुबे
फर्रुखाबाद: यूपी के फर्रुखाबाद जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के चर्चित माफिया अनुपम दुबे को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अनुपम दुबे को ये सजा PWD ठेकेदार शमीम की हत्या के मामले में सुनाई गई है। अनुपम दुबे के साथ बालकृष्ण उर्फ शिशु को भी आजीवन कारावास की सजा मिली है।
क्या है पूरा मामला?
साल 1995 में पीडब्ल्यूडी ठेकेदार शमीम की फतेहगढ़ में हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में अनुपम दुबे और बालकृष्ण उर्फ शिशु को ईसी एक्ट कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके अलावा दोषियों पर 1 लाख 3 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है।
मथुरा जेल से फतेहगढ़ न्यायालय लाया गया था
माफिया अनुपम दुबे को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मथुरा जेल से फतेहगढ़ न्यायालय में लाया गया था। इस दौरान फतेहगढ़ कचहरी परिसर में सीओ सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। बता दें कि एक साल पहले भी माफिया अनुपम दुबे को कानपुर कोर्ट ने भी आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। (इनपुट: सुरजीत कुशवाहा)
