Donald Trump, Donald Trump letter scandal, Jeffrey Epstein birthday album- India TV Hindi
Image Source : AP
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

वॉशिंगटन: अमेरिकी कांग्रेस की हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट्स ने सोमवार को एक ऐसा पत्र सार्वजनिक किया, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम और हस्ताक्षर होने का दावा किया गया है। यह पत्र कथित तौर पर जेफ्री एप्सटीन के लिए 2003 में उनके 50वें जन्मदिन के लिए बनाए गए एक एल्बम का हिस्सा है। हालांकि, ट्रंप ने इस पत्र को लिखने या इसके साथ मौजूद एक महिला की आकृति वाले चित्र को बनाने से साफ इनकार किया है।

आखिर क्या है इस चिट्ठी में?

सार्वजनिक किए गए पत्र में ट्रंप के नाम और साइन के साथ एक संदेश है, जो एक महिला की आकृति के चारों ओर लिखा गया है। पत्र में लिखा है, ‘एक दोस्त होना बहुत अच्छी बात है। जन्मदिन मुबारक हो- और हर दिन एक नया शानदार रहस्य हो।’ इस पत्र को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इसकी खबर छापी, जिसके बाद ट्रंप ने अखबार के खिलाफ 10 बिलियन डॉलर का मुकदमा ठोक दिया। ट्रंप ने इस पत्र को ‘झूठा, दुर्भावनापूर्ण और बदनाम करने वाला’ करार देते हुए कहा, ‘ये मेरे शब्द नहीं हैं, न ही मैं ऐसा बोलता हूं। और मैं चित्र भी नहीं बनाता।’

‘चिट्ठी पर ट्रंप का साइन नहीं है’

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने भी X पर बयान दिया, ‘राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ कहा है कि उन्होंने न तो यह चित्र बनाया और न ही इस पर हस्ताक्षर किए। उनकी कानूनी टीम इस मामले में मुकदमे को आगे बढ़ाएगी।’ व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ टेलर बुडोविच ने X पर ट्रंप के कई पुराने हस्ताक्षरों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘यह उनका साइन नहीं है।’ फ्लोरिडा के सांसद बायरन डोनाल्ड्स ने भी कहा, ‘मैंने ट्रंप को लाखों चीजों पर साइन करते देखा है। यह उनका साइन नहीं है।’ एक अमीर और ताकतवर फाइनेंसर रहा जेफ्री एप्सटीन कभी ट्रंप का दोस्त हुआ करता था। लेकिन ट्रंप का कहना है कि 2 दशक पहले दोनों में अनबन हो गई थी। 

ट्रंप ने क्यों तोड़ा था एप्सटीन से नाता?

ट्रंप ने हाल ही में दावा किया कि उन्होंने एप्सटीन से इसलिए नाता तोड़ लिया था क्योंकि एप्सटीन ने उनके मार-ए-लागो रिजॉर्ट में काम करने वाली युवतियों, जिनमें वर्जीनिया गिफ्रे भी शामिल थीं, को ‘चुराया’ था। गिफ्रे एप्सटीन की सेक्स ट्रैफिकिंग की सबसे चर्चित पीड़ितों में से एक हैं। एप्सटीन पर नाबालिग लड़कियों को मसाज के बहाने सैकड़ों डॉलर देकर उनका यौन शोषण करने का आरोप था। उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड घिसलीन मैक्सवेल को भी नाबालिग लड़कियों को लालच देकर एप्सटीन के लिए यौन शोषण के जाल में फंसाने का दोषी पाया गया था।

एल्बम में है कई बड़े नामों का जिक्र

हाउस ओवरसाइट कमेटी ने सोमवार रात को एप्सटीन के 50वें जन्मदिन के लिए बनाए गए पूरे एल्बम को सार्वजनिक किया, जिसमें बिल क्लिंटन और वकील एलन डर्शोविट्ज जैसे अन्य बड़े नामों का भी जिक्र है। इस एल्बम में कुछ अन्य पत्र भी हैं, जिनमें यौन उत्तेजक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। कमेटी ने पिछले महीने एप्सटीन की संपत्ति से दस्तावेजों की मांग के लिए सबपोना जारी किया था। इनमें एप्सटीन की वसीयत, उसकी कॉन्टैक्ट बुक, पैसों के लेनदेन और सरकारी समझौतों के दस्तावेज शामिल हैं। यह पत्र और एल्बम ऐसे समय में सामने आए हैं, जब ट्रंप और एप्सटीन के पुराने रिश्ते को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version