
कुसल मेंडिस
एशिया कप 2025 में सुपर-4 में पहुंचने वाली सभी टीमों का फैसला हो गया है, जिसमें ग्रुप-ए से जहां भारत और पाकिस्तान ने अगले दौर में अपनी जगह पक्की की है तो वहीं ग्रुप-बी से श्रीलंका और बांग्लादेश की टीम पहुंचने में कामयाब रही है। श्रीलंका की टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ 18 सितंबर को हुए मैच में 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम करने के साथ अगले राउंड में अपनी जगह बनाई। इस मैच में श्रीलंका की टीम को 170 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उन्होंने 18.4 ओवर्स में बड़ी आसानी से हासिल कर लिया, जिसमें उनकी तरफ से कुसल मेंडिस के बल्ले से 74 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह मोहम्मद रिजवान का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने में कामयाब रहे।
कुसल मेंडिस की पारी बन गई उनके लिए बेहद खास
श्रीलंका ने अभी तक एशिया कप 2025 में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में ही शानदार प्रदर्शन दिखाया है, जिसमें ग्रुप-बी में वह अपने सभी मैच जीतने के साथ टॉप पर रहते हुए सुपर-4 में पहुंची है। अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में श्रीलंका को जीत दिलाने में कुसल मेंडिस की नाबाद 74 रनों की पारी ने अहम भूमिका अदा की। इसी के साथ मेंडिस अब टी20 एशिया कप के इतिहास में रनों का पीछा करते समय जीते हुए मैच में सबसे ज्यादा निजी रनों की पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के नाम पर था जिन्होंने साल 2022 में दुबई के मैदान पर भारत के खिलाफ हुए मैच में 71 रनों की पारी खेली थी।
दिलशान का रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ एक रन दूर रह गए मेंडिस
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में कुसल मेंडिस श्रीलंकाई टीम के पूर्व खिलाड़ी तिलकरत्ने दिलशान का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ एक रन दूर रह गए। टी20 एशिया कप में श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा निजी रन की पारी खेलने के मामले में दिलशान अभी भी पहले नंबर पर काबिज हैं, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ साल 2016 में मीरपुर के मैदान पर हुए मुकाबले में 75 रनों की नाबाद पारी खेली थी, वहीं अब इस लिस्ट में नाबाद 74 रनों के साथ कुसल मेंडिस दूसरे नंबर पर हैं। अभी तक एशिया कप 2025 में कुसल मेंडिस के बल्ले से तीन पारियों में 44 के औसत से कुल 88 रन देखने को मिले हैं।
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लेने की तैयारी में ICC, UAE के खिलाफ मैच से पहले किया था हाईवोल्टेज ड्रामा