
जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया ने फैंस से की अपील।
पॉपुलर सिंगर ज़ुबीन गर्ग अब इस दुनिया में नहीं रहे। जुबीन का 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक दुखद दुर्घटना में निधन हो गया। सिंगर के निधन के 2 दिन बाद अब गायक का पार्थिव शरीर रविवार को नई दिल्ली से गुवाहाटी लाया गया, जहां हजारों की संख्या में सिंगर के फैन उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े। इस बीच, जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह प्रशंसकों से भावुक अपील करती दिखीं। इस वीडियो में गरिमा ने गायक के मैनेजर सिद्धार्थ के प्रति समर्थन भी व्यक्त किया। आइए जानते हैं कि ज़ुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया ने वीडियो में क्या कहा।
जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा की भावुक अपील
जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो मैसेज शेयर करते हुए भावुक अपील की। उन्होंने प्रशंसकों से इस अंतिम यात्रा के दौरान शांति और संयम बनाए रखने का आग्रह किया। वीडियो में उन्होंने कहा- “ज़ुबीन आखिरकार घर लौट रहे हैं। जब तक वह हमारे साथ थे, आप सभी ने उन्हें प्यार और आशीर्वाद दिया, और जुबीन ने हमेशा उस प्यार का बदला दिया। मैं प्रार्थना करती हूं कि उनका अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण हो।”
गरिमा ने सिंगर के मैनेजर को किया सपोर्ट
अपने वीडियो में, गरिमा ने ज़ुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के प्रति भी अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सिद्धार्थ हमेशा उनके पति के साथ खड़े रहे और 2020 में जब ज़ुबीन की तबीयत खराब हुई, तो इलाज के लिए उन्हें मुंबई पहुंचाने में मदद की। लॉकडाउन के दौरान, जब सब कुछ बंद था, सिद्धार्थ ने उनके परिवार के लिए भोजन और जरूरी सामान का इंतजाम किया और ज़ुबीन को बस से मुंबई से वापस लाया। गरिमा ने आग्रह किया, “कृपया सभी लोग ज़ुबीन की अंतिम यात्रा में सिद्धार्थ के साथ शामिल हों। उनके सहयोग के बिना, मैं यह सब नहीं झेल पाती।”
गुवाहाटी में शोक की लहर
गुवाहाटी में हजारों प्रशंसकों ने ज़ुबीन की याद में मोमबत्तियां जलाकर अपनी संवेदना व्यक्त की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा भी श्रद्धांजलि देने के लिए आईजीआई हवाई अड्डे पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पहले घोषणा की थी कि ज़ुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर गुवाहाटी के सरुसजाई स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रखा जाएगा, ताकि प्रशंसक और शुभचिंतक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें। असम सरकार ने जुबीन गर्ग के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान कोई भी सार्वजनिक मनोरंजन, समारोह या उत्सव आयोजित नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ेंः
कहां होगा जुबिन गर्ग का अंतिम संस्कार? असम के मंत्री ने दी जानकारी, बोले- ‘परिवार लेगा अंतिम फैसला’