Women Police- India TV Hindi
Image Source : X@GHAZIABADPOLICE
महिला पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली मारी

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां महिला पुलिस की टीम और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें महिला पुलिस की टीम ने बदमाश के पैर में गोली मारी और उसे हिरासत में ले लिया। इस मामले के सामने आने के बाद महिला पुलिस की टीम की तारीफ हो रही है।

क्या है पूरा मामला?

गाजियाबाद में पहली बार महिला पुलिस की टीम और बदमाश के बीच सीधी मुठभेड़ हुई। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय जितेंद्र के रूप में हुई है, जिस पर लूट, चोरी और झपटमारी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और चोरी की स्कूटी भी जब्त की है।

दरअसल गाजियाबाद महिला पुलिस की टीम देर रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बदमाश स्कूटी से जा रहा था। जब महिला पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने उन पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में महिला पुलिसकर्मी ने उसके पैर पर गोली मारकर उसे हिरासत में ले लिया। 

स्कूटी मोड़ कर भागने का प्रयास करते हुए स्कूटी फिसल गई जिसके बाद बदमाश जितेंद्र ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर हमला भी कर दिया। इस दौरान पुलिस ने उसके पैर पर गोली मारी और फिर उसे अस्पताल भी पहुंचाया।

गाजियाबाद पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करके दी जानकारी

गाजियाबाद पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करके भी इस मामले की जानकारी दी। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने कहा, “महिला थाना पुलिस टीम द्वारा पुलिस मुठभेड़ में लूट/चोरी/छिनैती की घटना कारित करने वाले 1 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, 1 टैबलेट, चोरी का 1 फोन एवं अवैध असलहा व कारतूस बरामद।”

गाजियाबाद पुलिस की टीम की इस बहादुरी की हर तरफ चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया यूजर्स भी महिला पुलिस की टीम की तारीफ कर रहे हैं। ये महिलाओं की शक्ति का सबूत है कि उन्होंने बदमाश को भागने नहीं दिया और पैर में गोली मारकर पकड़ लिया।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version