लोहे की जंजीरों से पीटा, हथेलियां जलाई और माथे पर गर्म सिक्का चिपकाया… भूत प्रेत के नाम पर महिला का किया ये हाल; VIDEO


पीड़ित महिला- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
पीड़ित महिला

मध्य प्रदेश के उज्जैन में झाड़ फूंक का एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला में भूत प्रेत का साया बताकर उसे लोहे की जंजीरों से पीटा, हथेलियों पर जलती हुई बाती रखकर गर्म सिक्के से कपाल जलाया। ढाई घंटे की प्रताड़ना के बाद महिला बेहोश हुई तब जाकर उसे छोड़ा गया। पीड़ित शादीशुदा महिला को लड़की होने पर उसके पति ने भी यह कहकर छोड़ दिया था कि लड़का चाहिए। 

जानें पूरा मामला

यह हृदय विदारक घटना उज्जैन से 70 किलोमीटर दूर खाचरोद तहसील के गांव श्रीवच की है। उज्जैन शहर के जूना सोमवारिया क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय उर्मिला चौधरी की अक्सर तबीयत खराब रहती थी। वह अगरबत्ती कारखाने में काम करने जाती है। रिश्तेदारों ने बताया कि इस पर भूत प्रेत का साया है इसलिए झाड़-फूंक करवाना चाहिए। महिला के पिता थाना खाचरोद के गांव श्रीवच में रहते हैं इसलिए रिश्तेदारों ने उसे झाड़ फूंक के लिए गांव में ही बुलाया। उर्मिला अपनी मां हंसा बाई के साथ नवरात्रि की सप्तमी 29 सितंबर को गांव पहुंची। गांव में झाड़ू फूंक करने वाले भी उसी के रिश्तेदार थे।

महिला को एक कमरे में ले जाया गया। उस कमरे में भगवान की कई सारी तस्वीर थी। उर्मिला चौधरी ने पुलिस को बताया कि जब वह कमरे के अंदर थी तब यहां सुगा बाई नाम की एक महिला चुनरी ओढ़कर आई। उसके एक हाथ में खप्पर और एक हाथ में तलवार थी।

महिला ने सुनाई आपबीती

उर्मिला ने आपबीती सुनाते हुए कहा, ”उस महिला ने यह कहा कि मुझे चुड़ैल लग गई है। मैंने उसे कई बार मना किया कि मुझे कोई तकलीफ नहीं है लेकिन उसने एक न सुनी। कुछ और रिश्तेदार भी थे जो खुद को ओझा बता रहे थे। महिला और दो पुरुष झाड़फूंक का काम करते थे। इसके अलावा पांच अन्य पुरुष इस कार्य में उनका साथ दे रहे थे।”

झाड़ फूंक करने वालों ने महिला के सर पर जंजीर से वार किया, उल्टी तलवार से पीठ पर मारा, नाडे की जलती हुई बाती को हथेलियां पर रख दिया और गर्म सिक्का कपाल पर चिपका दिया। इस घटना से उर्मिला बुरी तरह जल गई, वह चिल्लाती रही तड़पती रही किसी ने नहीं सुनी। रात 9:30 बजे से रात 12:00 बजे तक उसे प्रताड़ना दी गई। जब वह बेहोश हुई तब उसे छोड़ा गया। अगले दिन सुबह गांव के ही उपसरपंच ने मदद की और उसे शहर लेकर आया। ज्यादा तबीयत खराब होने के कारण महिला पुलिस थाने नहीं जा सकी। गुरुवार को उर्मिला चौधरी अपनी मां के साथ महिला थाने पहुंची और पूरी घटना बताई।

6 साल पहले हुई थी शादी

बता दें कि उर्मिला की शादी 6 साल पहले गौतमपुरा में हुई थी। उसे 2 वर्ष की एक लड़की भी है। पति ने उसे केवल यह कह कर छोड़ दिया कि उसे लड़का चाहिए था, लड़की क्यों हुई। उर्मिला अब अपनी मां के साथ उज्जैन में रहती है।

पुलिस ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जब इस घटना के संबंध में एसपी प्रदीप शर्मा को जानकारी लगी तो उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले में पुलिस ने कुल आठ आरोपियों पर बीएनएस की धारा 115 (2), 118 (1) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव के लिए रवाना हुई। कुल आठ आरोपियों में से तीन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आठ आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं संतोष चौधरी, कान्हा चौधरी, राजू चौधरी, रितेश चौधरी, कान्हा भील, कान्हा पिता मांगीलाल, मनोहर और सुगाबाई है।

पीड़िता अस्पताल में भर्ती

मामले में महिला थाना प्रभारी लीला सोलंकी ने बताया कि एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर महिला को उपचार के लिए शासकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उसे गंभीर चोट आई है, जलने के भी निशान है। 

(रिपोर्ट- प्रेम डोडिया)

यह भी पढ़ें-

5 दिन के नवजात का हाथ खौलते तेल में डाला, मां बोली- भूत प्रेत का चक्कर था, नहीं पी रहा था दूध

मानसिक बीमारी से पीड़ित था युवक, तांत्रिक ने कहा- भूत प्रेत है, गर्म त्रिशूल से दागने पर हुई मौत





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *