
सूजी बॉल्स की आसान सी रेसिपी
सुबह नाश्ते में क्या बनाएं यह हर महिला की परेशानी रहती है। सेहत और स्वाद दोनों को ध्यान में रखते हुए घर के लोगों को वो हर रोज कुछ नया खिलाना चाहती हैं। कई बार सूजी के अप्पे, तो कई बार उपमा और इडली खा खा कर बच्चे और बड़े बोर हो जाते हैं। ऐसे में यहां हम एक मजेदार रेसिपी के बारे में बता रहे हैं जिसे आप ट्राई कर सकती हैं। ये है सूजी बॉल्स बनाने की रेसिपी।ये स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। अगर आप सुबह के नाश्ते में कुछ नया ट्राय करना चाहती हैं तो सूजी बॉल्स बना सकती हैं। यहां से नोट कर लें रेसिपी।
सामग्री
- सूजी (रवा): 1 कप
- दही: 1/2 कप
- पानी: लगभग 1/2 कप (या ज़रूरत अनुसार)
- हरी मिर्च: 1 (बारीक कटी हुई)
- नमक: स्वादानुसार
- ईनो या बेकिंग सोडा: 1/2 छोटा चम्मच
- तेल: 1 छोटा चम्मच
- राई: 1/2 छोटा चम्मच
- करी पत्ता: 5-6 पत्ते
बनाने की विधि
घोल तैयार करें
एक बड़े कटोरे में सूजी, दही, बारीक कटी हरी मिर्च और नमक मिलाएं। इसमें थोड़ा-थोड़ा करके पानी मिलाएं और इडली के घोल जैसा गाढ़ा घोल तैयार करें। इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।
तड़का तैयार करें
एक छोटे पैन में तेल गरम करें। जब तेल गरम हो जाए, तो उसमें राई डालें और फूटने दें। फिर करी पत्ता डालकर कुछ सेकंड भूनें और तड़के को सूजी के घोल में डाल दें। अच्छी तरह मिलाएं।
बॉल्स बनाएं और स्टीम करें
घोल में ईनो या बेकिंग सोडा डालें और इसे हल्के हाथ से तुरंत मिला लें। अगर घोल बहुत गाढ़ा लगे तो 1-2 चम्मच पानी मिला सकते हैं। इडली मेकर या स्टीमर में पानी गरम होने के लिए रख दें। अपने हाथों पर थोड़ा तेल लगाएं और इस घोल से छोटे-छोटे बॉल्स बनाकर इडली प्लेट या स्टीमर ट्रे पर रखें। इन्हें ढककर 10-12 मिनट तक मध्यम आंच पर स्टीम करें।
बॉल्स पक चुके हैं या नहीं ये चेक करने के लिए एक टूथपिक बॉल्स में डालें, अगर वह साफ बाहर आए तो बॉल्स पक गए हैं।
सर्व करें
सूजी बॉल्स तैयार हैं। आप इन्हें ऐसे ही गरम-गरम नारियल की चटनी या हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं। आप चाहें तो इन्हें स्टीम करने के बाद तेल में राई और करी पत्ते का तड़का लगाकर उसमें हल्का सा मसाला मिलाकर फ्राई भी कर सकते हैं।
