
गौरव खन्ना
गौरव खन्ना इन दिनों बिग बॉस-19 के घर में हैं और खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। शनिवार की रात वीकेंड के वॉर पर सलमान खान ने भी गौरव खन्ना की खूब तारीफ की और यहां तक कहा कि मेरी मां भी उन्हें जानती हैं। गौरव खन्ना का बीते रोज बिग बॉस के घर में ही रह रहीं कंटेस्टेंट फरहाना भट्ट से झगड़ा हो गया था। जिसे गौरव ने शालीनता से डील किया और सलमान खान की भी तारीफें बटोरीं। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि गौरव खन्ना ने 9 साल छोटी टीवी की एक्ट्रेस से ही शादी रचाई है। गौरव की पत्नी का नाम है आकांक्षा और दोनों की शादी को 9 साल भी हो गए हैं लेकिन अभी तक दोनों ने बच्चा नहीं किया है। आइये जानते हैं गौरव खन्ना की लवस्टोरी।
कौन हैं गौरव खन्ना की पत्नी?
मुंबई में जन्मी और पली-बढ़ी आकांक्षा चमोला, गौरव खन्ना के बिग बॉस 19 में आने के बाद से ही सुर्खियों में हैं। आकांक्षा ने अभिनय में कदम रखने से पहले कॉमर्स में पोस्ट-ग्रेजुएशन किया था। उन्होंने अपने जुनून को आगे बढ़ाया और 2015 में लोकप्रिय शो स्वरागिनी से टेलीविजन पर शुरुआत की। दर्शकों ने उनके अभिनय को सराहा और बाद में वह भूतू (2017), कैन यू सी मी? (2022), और कैसे मुझे तुम मिल गए जैसे शोज में नजर आईं। गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला की पहली मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी। कई इंटरव्यूज़ में, गौरव ने बताया कि आकांक्षा को देखते ही उन्हें पहली नजर में ही प्यार हो गया था। उन्होंने इंडस्ट्री में नए होने का नाटक करके उनसे पहली बातचीत शुरू की और आकांक्षा ने उन्हें एक्टिंग के टिप्स दिए। बाद में, गौरव ने उन्हें साथ चलने का ऑफर दिया और आकांक्षा को जल्द ही एहसास हो गया कि वह पहले से ही एक स्थापित एक्टर हैं। इसके बाद दोनों जल्द ही अच्छे दोस्त बन गए।
2016 में रचाई थी शादी
गहरी दोस्ती के बाद गौरव और आकांक्षा ने डेटिंग शुरू कर दी। कुछ समय तक डेटिंग करने के बाद गौरव ने 100 गुब्बारों वाले एक रोमांटिक सेट के साथ आकांक्षा को प्रपोज़ किया। 23 नवंबर 2016 को गौरव के गृहनगर कानपुर में दोनों ने शादी कर ली। इस भव्य समारोह में हुसैन कुवाजेरवाला, टीना कुवाजेरवाला, पूजा बनर्जी, अनुज सचदेवा समेत कई लोकप्रिय टीवी सितारे शामिल हुए। बिग बॉस 19 के एक एपिसोड में, गौरव खन्ना ने बताया था कि उनकी और उनकी पत्नी आकांक्षा की उम्र में नौ साल का अंतर है। दोनों ने हमेशा इस बारे में खुलकर बात की है और बताया है कि इस अंतर ने उनके रिश्ते को कभी प्रभावित नहीं किया। एक इंटरव्यू में, आकांक्षा ने बताया कि जहां वह सहज और आवेगी हैं, वहीं गौरव शांत और संतुलित हैं, जो उन्हें एक आदर्श जोड़ी बनाता है।
क्यों नहीं किए अभी तक बच्चे?
बिग बॉस 19 में अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में खुलकर बात करके गौरव खन्ना सुर्खियों में आ गए थे। यूट्यूबर मृदुल तिवारी के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने पिता बनने की इच्छा जताई और बताया कि इस नवंबर में उनकी और आकांक्षा की शादी को नौ साल पूरे हो जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि हालांकि उन्हें बच्चे बहुत पसंद हैं, लेकिन आकांक्षा अभी इसके लिए तैयार नहीं हैं। गौरव ने कहा कि चूंकि उनकी लव मैरिज है, इसलिए वह आकांक्षा के फैसले का पूरा सम्मान करते हैं। इसी बातचीत में, गौरव ने आगे बताया कि वह आकांक्षा की पेरेंटिंग जिम्मेदारियों को लेकर चिंता समझते हैं, खासकर इसलिए क्योंकि दोनों का करियर व्यस्त है। जब मृदुल ने कहा कि समय के साथ नजरिया बदल सकता है, तो गौरव ने जवाब दिया, ‘हां, बिल्कुल, फिर देखेंगे। कभी ना मत कहना।’ गौरव खन्ना को ग्रीन फ्लैग के नाम से भी महिलाओं के बीच जाना जाता है। इन दिनों गौरव बिग बॉस-19 के घर में हैं और ट्रॉफी के लिए फाइट मार रहे हैं।
