मूली पराठा रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV
मूली पराठा रेसिपी

इन दिनों सब्जी की दुकान पर मूली खूब मिल रही हैं। मूली सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होती है। आप मूली की सब्जी, सलाद और पराठे बनाकर खा सकते हैं। मूली के पराठे लोगों को काफी पसंद आते हैं। लेकिन इन्हें बाना मुश्किल हो जाता है। मूली पानी से भरपूर सब्जी है ऐसे में पराठे की स्टफिंग पानी छोड़ने लगती है और पराठे फट जाते हैं। कई बार मूली के पराठे बेलते वक्त स्टफिंग साइड से निकल जाती है। अगर आपको भी मूली के पराठे बनाने में ये दिक्कत आती है तो आप इस आसान ट्रिक को अपना सकते हैं। इससे मूली के पराठे बड़े और खूब स्टफिंग वाले बनेंगे। खास बात ये है कि इस रेसिपी से बने मूली के पराठे बिल्कुल भी नहीं फटेंगे।

मूली के पराठे की रेसिपी

पहला स्टेप- मूली को छील लें और कद्दूकस कर लें। अब हाथ से दबाते हुए मूली का पानी निचोड़ दें। एक पैन में 1 स्पून सरसों का तेल डालकर गर्म कर लें। तेल में जीरा, हींग और थोड़ी 1 पिंच हल्दी मिलाएं। अब इसमें कसी हुई मूली, नमक, धनिया पाउडर, हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक कटा, लाल मिर्च पाउडर मिलाकर चटपटी स्टफिंग तैयार कर लें। 

दूसरा स्टेप-आपको मूली का पानी पूरी तरह सूखने तक पकाना है। इस स्टफिंग को पराठे में भरने से मूली के पराठे बिल्कुल नहीं फटेंगे। अब पराठे के लिए गेहूं का आटा गूंथ लें। भरवां पराठे के लिए आटा हमेशा थोड़ा नरम ही गूंथें और इसमें थोड़ा नमक मिला लें। मुलायम आटा होने से पराठे आसानी से बिल जाएंगे और कम जोर लगाने से फटने का खतरा भी नहीं रहेगा।

तीसरा स्टेप-आटे को थोड़ी देर सेट होने के लिए रख दें। अब आटे से 1 छोटी लोई लें और एक पतली रोटी बेल लें। इस रोटी को साइड में रख दें। ध्यान रखें रोटी खूब पतली और थोड़ी छोटी होनी चाहिए। इसी तरह दूसरी रोटी भी बेल लें। अब जो रोटी चकले पर है उसके ऊपर मूली की तैयार स्टफिंग रखें। स्टफिंग आप अपने हिसाब से कम या ज्यादा रख सकते हैं। ऊपर से जो दूसरी रोटी बेलकर तैयार की थी उसे रख दें। किनारे हाथ से दबाते हुए बंद कर दें। अब सूखा आटा लगाकर दोनों चिपकी हुई रोटियों को बेलकर थोड़ा बड़ा कर लें।

चौथा स्टेप- मूली के पराठे को तवे पर डालकर दोनों तरफ से घी लगाकर सुनहरा बेल लें। इसी तरह सारे मूली के पराठे बना लें। इस ट्रिक से मूली के पराठे कभी फटेंगे नहीं और खूब बड़े बनेंगे। तैयार भरवां मूली के पराठे को आप चटनी या सॉस के साथ खाएं। 

पांचवां स्टेप- आप चाहें तो नॉर्मल भरवां पराठे की तरह भी मूली के पराठे बना सकते हैं। इसके लिए आटे से लोई तोड़ें और उसे चकले पर हल्का बेलकर बड़ा कर लें। अब मूली की स्टफिंग रखें और लोई को चारों ओर से फोल्ड करते हुए बंद कर दें। अब सूखा आटा लगाते हुए हल्के हाथों से पराठा बेलकर सेंक लें।

 

Latest Lifestyle News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version