
एशेज 2025
वर्ल्ड क्रिकेट में काफी कम ऐसी सीरीज हैं, जिसका रोमांच देखने के लिए सभी क्रिकेट फैंस काफी बेसब्री से इंतजार करते हैं और इसी में एक सीरीज एशेज है। इस बार एशेज सीरीज की मेजबानी ऑस्ट्रेलियाई टीम कर रही है, जिसमें इसका आगाज 21 नवंबर से पर्थ स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले के साथ होगा। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली 5 मैचों की इस एशेज टेस्ट सीरीज का आगाज साल 1877 में हुआ था, जिसमें दोनों टीमों के बीच इस सीरीज को एशेज नाम साल मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब के अनुसार साल 1882 में द स्पोर्टिंग टाइम्स में छपे एक व्यंग्यात्मक श्रद्धांजलि लेख में हुआ था, जिसमें इंग्लैंड की टीम को अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद से ही दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली इस टेस्ट सीरीज का नाम एशेज दिया गया था। इसमें कई ऐतिहासिक मुकाबले भी शामिल हैं, जिसमें साल 1932-22 की बॉडीलाइन सीरीज भी एक है। एशेज ट्रॉफी साल 2017 से लेकर अभी तक ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास है, जिसमें इस दौरान इंग्लैंड ने कोशिश तो काफी की लेकिन वह इसे जीतने में कामयाब नहीं हो सके। पिछली बार इंग्लैंड की टीम ने साल 2021-22 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, जिसमें उसे 5 मैचों की सीरीज में 4-0 से हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज साल 2010-11 में खेली गई एशेज ट्रॉफी में जीती थी, जब वह 3-1 से जीतने में कामयाब हुए थे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम का पलड़ा अभी तक रहा भारी
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट में हेड टू हेड के रिकॉर्ड को देखा जाए तो उसमें साफतौर पर कंगारू टीम का पलड़ा भारी दिखाई दिया है। दोनों टीमों के बीच टेस्ट क्रिकेट में अब तक कुल 361 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 152 मैचों में जीत हासिल की है तो वहीं इंग्लैंड की टीम 112 मुकाबलों को ही जीतने में कामयाब हो सकी है। वहीं 97 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। वहीं इंग्लैंड का ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने 185 मैचों में खेलते हुए 99 में जहां हार का सामना किया है तो वहीं 57 मैचों को ही जीतने में कामयाब हो सके हैं। इसके अलावा 29 मैच ड्रॉ रहे हैं।
भारत में कब-कहां और कितने बजे देख सकेंगे मुकाबला
एशेज 2025-26 टेस्ट सीरीज का सीधा प्रसारण भारतीय फैंस स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जिसमें टीवी पर इसका लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स 1 और स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी पर किया जाएगा। इसके अलावा ऑनलाइन मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर होगी। पर्थ स्टेडियम में खेले जाने वाले इस सीरीज के पहले मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे से होगी, जिसमें टॉस सुबह 7:30 पर होगा।
ये भी पढ़ें
इतिहास रचने के करीब पहुंचे टेम्बा बावुमा, गुवाहाटी टेस्ट जीते तो बनेगा सबसे बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
IND vs SA: भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने चली बड़ी चाल, धुरंधर गेंदबाज को टीम में किया शामिल
