
एसएस राजामौली
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने भगवान हनुमान पर अपनी टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच वाराणसी के निर्देशक एसएस राजामौली का बचाव किया है। राजामौली के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है, क्योंकि उन्होंने कहा था कि वह भगवान हनुमान में विश्वास नहीं रखते। राजामौली का समर्थन करते हुए, राम गोपाल वर्मा ने एक्स पर लिखा, ‘तथाकथित आस्थावानों द्वारा राजामौली पर फैलाए जा रहे जहर के संदर्भ में उन्हें यह जान लेना चाहिए कि भारत में नास्तिक होना कोई अपराध नहीं है। संविधान का अनुच्छेद 25 आस्था न रखने के अधिकार की रक्षा करता है। इसलिए उन्हें यह कहने का पूरा अधिकार है कि वह आस्था नहीं रखते, जितना कि जहर फैलाने वालों को यह कहने का अधिकार है कि वे आस्था रखते हैं। अब इस बेतुके तर्क पर आते हैं कि ‘अगर वह ईश्वर में विश्वास नहीं रखते, तो वह अपनी फिल्मों में ईश्वर को क्यों दिखाते हैं?’ इस तर्क से, क्या एक फिल्म निर्माता को गैंगस्टर फिल्म बनाने के लिए गैंगस्टर बनना चाहिए, या हॉरर फिल्म बनाने के लिए भूत बनना चाहिए?’
क्या है पूरा मामला?
दरअसल बीते 18 नवंबर को हैदराबाद के सरूरनगर पुलिस को वानर सेना संगठन की ओर से एक शिकायत मिली, जिसमें आरोप लगाया गया था कि राजामौली ने यह कहकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है कि ‘मैं हनुमान भगवान में विश्वास नहीं करता।’ हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में आयोजित वाराणसी कार्यक्रम में तकनीकी खराबी के कारण टीजर नहीं दिखाया जा सका। राजामौली ने भीड़ से माफी मांगी और कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे भगवान हनुमान ने उन्हें निराश किया हो। निर्देशक ने कहा, ‘जब मेरे पिता ने हनुमान के बारे में बात की और सफलता के लिए उनके आशीर्वाद पर निर्भर रहने का सुझाव दिया, तो मुझे बहुत गुस्सा आया। मेरी पत्नी की भगवान हनुमान में गहरी आस्था है। वह उनसे ऐसे बात करती हैं जैसे वह उनके दोस्त हों। मैं कुछ देर के लिए उन पर गुस्सा भी हुआ। देखते हैं क्या होता है।’ राजामौली का बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के तुरंत बाद, नेटिज़न्स ने उनकी आलोचना की, कई लोगों ने आश्चर्य व्यक्त किया क्योंकि बाहुबली और आरआरआर सहित उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्में हिंदू महाकाव्यों और पौराणिक कथाओं से काफी हद तक प्रेरित हैं।
ये भी पढ़ें- फिर बॉलीवुड पर गहराया ड्रग रैकेट का संसय? ओरी के बाद एक और स्टारकिड का आया नाम