
उमेश यादव
भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टी20 टूर्नामेंट सयैद मुश्ताक अली के आगामी सीजन की शुरुआत इस बार 26 नवंबर से होगी जिसमें 16 दिसंबर को होने वाले आईपीएल प्लेयर ऑक्शन से पहले कई प्लेयर्स के प्रदर्शन पर फ्रेंचाइजियों की नजरें रहने वाली हैं। इसी बीच अभी तक कई राज्य क्रिकेट संघ ने टूर्नामेंट के लिए अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है तो वहीं इसमें एक नाम विदर्भ का भी जुड़ गया है, जिसमें उनकी स्क्वाड में पिछले लगभग एक साल से मैदान से बाहर चल रहे टीम इंडिया के तेज गेंदबाज उमेश यादव की भी वापसी देखने को मिली है। वहीं टूर्नामेंट के लिए विदर्भ ने अपनी टीम का कप्तान हर्ष दुबे को बनाया है जिनका हाल में दोहा में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में काफी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन देखने को मिला था।
उमेश यादव के प्रदर्शन पर रहेगी सभी की नजरें
सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में कई भारतीय खिलाड़ी ऐसे हैं जिनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं, जिसमें एक नाम अब उमेश यादव का भी जुड़ गया है। उमेश यादव की गिनती भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में की जाती है, हालांकि पिछले एक साल से अनफिट होने के चलते वह मैदान से बाहर चल रहे थे। अब उमेश फिर से वापसी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, जिसमें उनके पास आईपीएल प्लेयर ऑक्शन से पहले अपने प्रदर्शन के दम पर फ्रेंचाइजियों का ध्यान अपनी तरफ खींचने का मौका होगा। सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आयोजन इस बार लखनऊ में किया जा रहा है, जिसमें विदर्भ की टीम अपने अभियान का आगाज ग्रुप-ए में छत्तीसगढ़ के खिलाफ होने वाले मुकाबले के साथ करेगी। इस ग्रुप की अन्य टीमों को लेकर बात की जाए तो उसमें मुंबई, ओडिशा, केरल, असम, रेलवे और आंध्र की टीम शामिल है।
जितेश शर्मा को नहीं मिली जगह
विदर्भ ने सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए अपनी घोषित स्क्वाड में जो एक चौंकाने वाला फैसला लिया है उसमें इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर चुके विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को नहीं चुनना है। जितेश ने दोहा में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया-ए टीम की भी कप्तानी संभाली थी। वहीं विदर्भ टीम के कप्तान हर्ष दुबे को लेकर बात की जाए तो उनका घरेलू क्रिकेट में पिछले एक साल में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में कुल 69 विकेट हासिल किए थे। विदर्भ ने पिछली बार सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के लिए विदर्भ का स्क्वाड
हर्ष दुबे (कप्तान), यश ठाकुर (उपकप्तान), अथर्व तायडे, ध्रुव शौरी, अमन मोखाड़े, यश राठौड़, शिवम देशमुख (विकेटकीपर), अक्षय वाडकर, नचिकेत भूटे, दर्शन नलकांडे, यश कदम, वरुण बिष्ट, पार्थ रेखाड़े, उमेश यादव, प्रफुल हिंगे, दीपेश परवानी, अध्ययन डागा।
ये भी पढ़ें
मोहम्मद शमी और आकाश दीप को स्क्वाड में मिला मौका, अचानक ले लिया गया बड़ा फैसला
