सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI
सांकेतिक तस्वीर

चंडीगढ़ः साहिबजादा अजीत सिंह नगर (एसएएस नगर) में बुधवार को मुठभेड़ के बाद उन चार गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया गया जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े एक विदेशी गैंगस्टर द्वारा चंडीगढ़ ट्राइसिटी क्षेत्र और पटियाला क्षेत्र में टारगेट हमले करने का काम सौंपा गया था। पुलिस ने बताया कि उनके पास से सात .32 कैलिबर की पिस्तौल और 70 कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ ​​भोला उर्फ ​​हनी, लखविंदर सिंह, मोहम्मद समीर और रोहित शर्मा के रूप में हुई है। सभी पटियाला के राजपुरा के निवासी हैं। 

गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के निर्देश पर काम कर रहे थे बदमाश

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि चारों अपने विदेशी आका गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के निर्देश पर काम कर रहे थे और चंडीगढ़ ट्राइसिटी क्षेत्र और पटियाला क्षेत्र में लक्षित हमलों की साजिश रच रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पंजाब पुलिस की गैंगस्टर रोधी टास्क फोर्स और एसएएस नगर पुलिस ने एसएएस नगर जिले में डेरा बस्सी-अंबाला राजमार्ग पर ‘स्टील स्ट्रिप्स टावर्स’ के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। 

जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को लगी गोली

गैंगस्टर रोधी टास्क फोर्स के एडीजीपी प्रमोद बान ने बताया कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में संयुक्त टीमों ने डेरा बस्सी-अंबाला राजमार्ग पर स्थित एक घर पर छापा मारा। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो संदिग्धों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह और कांस्टेबल गुलाब सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। जवाबी कार्रवाई में हरविंदर सिंह और मोहम्मद समीर घायल हो गए, जिसके बाद चारों आरोपियों को काबू कर लिया गया। 

घटनास्थल का दौरा करने वाले एसएएस नगर के एसएसपी हरमनदीप हंस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी कुख्यात आपराधी हैं। उन्होंने कहा कि जांच जारी रहने पर और गिरफ्तारियां और बरामदगी की संभावना है। डेरा बस्सी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है।

इनपुट- भाषा 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version