ayush mhatre- India TV Hindi
Image Source : AP
आयुष म्हात्रे

Ayush Mhatre Century: भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त भले ही मैदान से दूर हो, लेकिन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे हैं। इस टी20 टूर्नामेंट में खिलाड़ी खेलकर अपनी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। अब युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने एक शानदार सैकड़ा ठोक दिया है। उन्होंने चौके छक्के लगाकर विरोधी टीम की धज्जियां उड़ा दी और अपनी टीम को जीत दिलाने में भी कामयाब रहे। आयुष म्हात्रे आखिर तक आउट नहीं हुए। 

मुंबई और विदर्भ के बीच मैच में दिख ​अथर्व तायडे और अमन मोखाड़े का जलवा

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शुक्रवार को मुंबई और विदर्भ के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विदर्भ की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 192 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। विदर्भ की ओर से अथर्व तायडे ने केवल 36 बॉल पर 64 रनों की दमदार पारी खेली। उनके अलावा अमन मोखाड़े ने भी केवल 30 बॉल पर धमाकेदार तरीके से 61 रन बना दिए। बाद के बल्लेबाज हालांकि बड़ी पारी नहीं खेल पाए। 

अजिंक्य रहाणे सस्ते में हो गए आउट

इसके बाद जब मुंबई की टीम इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उसके सामने बड़ा टारगेट था। अजिंक्य रहाणे केवल दो बॉल पर शून्य पर आउट होकर वापस चले गए। इसके बाद हार्दिक तैमोर भी एक ही रन बनाकर चलते बने। इस बीच सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने एक छोर संभाले रखा और जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। दो विकेट गिरने के बाद आयुष म्हात्रे को सूर्यकुमार यादव का साथ मिला। दोनों ने टीम को जीत की ओर अग्रसर कर दिया। 

सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने भी खेली आक्रामक पारी

सूर्यकुमार यादव 30 बॉल पर 35 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद भी आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाले रखा। पहले उन्होंने केवल 25 बॉल पर अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद शतक भी ठोक दिया। आयुष म्हात्रे ने केवल 49 बॉल पर अपनी सेंचुरी पूरी की। ​आखिर में आकर शिवम दुबे ने केवल 19 बॉल पर 39 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल दी। इससे मुंबई ने 17.5 ओवर में ही तीन विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। 

आयुष ने 53 बॉल पर बना दिए 110 रन

आयुष म्हात्रे आखिर तक आउट नहीं हुए। उन्होंने 53 बॉल पर 110 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से आठ चौके और आठ ही छक्के आए। आयुष म्हात्रे को शुक्रवार को ही अंडर 19 टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है। बीसीसीआई की ओर से अंडर 19 एशिया कप की टीम का ऐलान किया गया है, जिसकी कप्तानी आयुष म्हात्रे को दी गई है। टूर्नामेंट 12 दिसंबर से शुरू हो रहा है। इस दौरान भारत और पाकिस्तान की अंडर 19 टीमों के बीच भी भिड़ंत होगी। 

यह भी पढ़ें 

केएल राहुल के सामने चुनौतियां हजार, अब तक ऐसा रहा है वनडे में कप्तानी का रिकॉर्ड

विराट कोहली एक और इतिहास रचने के बिल्कुल करीब, ऐसा करने वाले बनेंगे दुनिया के पहले खिलाड़ी

Latest Cricket News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version