
ईशान किशन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बीसीसीआई की मेंस सेलेक्शन कमिटी ने टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान कर दिया था। इस टीम में चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने ईशान किशन को शामिल किया है। ईशान किशन लगभग दो साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। ऐसे में 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में उनकी वापसी की अटकलें भी नहीं थी। लेकिन हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उसे देखते हुए अब उन्हें टीम में शामिल किया गया है। अब टीम में वापसी पर ईशान किशन का रिएक्शन सामने आया है।
टीम इंडिया में वापसी होने पर ईशान किशन ने क्या कहा?
वर्ल्ड कप स्क्वॉड के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड में अपना नाम देखने के बाद ईशान किशन काफी खुश नजर आए। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं और टीम के साथ जुड़ने पर काफी उत्साहित हूं। इस दौरान उनसे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने पर भी सवाल पूछा गया। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि झारखंड ने पहली बार ये टूर्नामेंट जीता है। पूरी टीम ने इस टूर्नामेंट के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया और इसी वजह से हम मैच जीतने में कामयाब रहे।
ईशान की कप्तानी में झारखंड ने जीता था SMAT का खिताब
ईशान किशन ने झारखंड को हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) का खिताब जिताया। उनकी कप्तानी में इस टीम ने पहली बार SMAT का खिताब जीता। फाइनल मुकाबले में झारखंड का सामना हरियाणा से हुआ था। उस मैच में 27 वर्षीय बल्लेबाज ने 49 गेंदों में छह चौके और 10 छक्के की मदद से 101 रन बनाए। उनकी इसी पारी के बदौलत झारखंड की टीम आसानी से मैच जीतने में कामयाब रही। उस मैच को झारखंड ने 69 रनों से अपने नाम किया।
2023 में ईशान किशन ने भारत के लिए खेला था आखिरी मैच
ईशान किशन दो साल बाद भारत की टी20 टीम में वापसी करने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए पिछला टी20 मुकाबला नवंबर, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद उन्हें साउथ अफ्रीका दौरे के लिए चुना गया, लेकिन वह निजी कारणों की वजह से बीच सीरीज में भारत वापस लौट गए थे। इसके बाद घरेलू क्रिकेट की जगह आईपीएल को तरजीह देने के कारण उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब दो साल वह फिर से टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे। सैयद मुश्ताक से पहले वह रणजी ट्रॉफी और अन्य घरेलू टूर्नामेंट में भी खेलते हुए नजर आए थे।
यह भी पढ़ें
शुभमन गिल को क्यों हुए टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड से बाहर? कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ की वजह
ईशान किशन को क्यों मिली टीम की टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में जगह? चीफ सेलेक्टर ने बताया ये बड़ा कारण