
बिहार की लड़कियों पर विवादित बयान पर बवाल।
उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने महिलाओं को लेकर ऐसा बयान दे दिया है जिस कारण उत्तराखंड से लेकर बिहार तक की राजनीति गरमा गई है। गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मंच से लोगों को कह रहे हैं कि बिहार में 20-25 हजार रुपये में मिल जाती है वह वहां शादी करवा देंगे। गिरधारी लाल साहू के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद हंगामा खड़ा हो गया है।
क्या बोले थे मंत्री के पति?
हाल ही में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में महिलाऑ को लेकर विवादित टिप्पणी की गई थी। उन्होंने कहा था- “शादी बुढ़ापे में करोगे, हम लोगों के 3-4 बच्चे हो जाते हैं यहां पर। लड़की बिहार से ले आएंगे हम, बिहार में 20-25 हजार रुपये में मिल जाती है। चलियो तुम हमारे साथ हम शादी कराएंगे तुम्हारी।”
मंत्री के पति ने दी सफाई
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की टिप्पणी पर पूरे प्रदेश की महिलाओं में आक्रोश देखने को मिला। खास तौर पर विपक्षी दल कांग्रेस ने इसका जमकर विरोध किया। इस मामले को लेकर अब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की पति गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो जारी किया और सफाई दी है। उन्होंने कहा कि “मुझे जानकारी मिली है कि विगत दिवस सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट क्षेत्र में हुए माताओं-बहनों व बुजुर्गों के स्वागत समारोह में मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल जी के आमंत्रण पर कार्यक्रम में शामिल हुआ था। उस दौरान अपने संबोधन में मेरे द्वारा हास्यप्रद के रूप में अपने मित्र की शादी पर चर्चा की। जिसे मेरे विरोधियों व कांग्रेस पार्टी के द्वारा तोड़ मरोड़कर व गलत तरीके से समाज मे पेश किया जा रहा है जो की गलत व निराधार है। फिर भी अगर मेरी बात से किसी व्यक्ति को ठेस पहुची हो या बुरा लगा हो तो मैं उन सभी से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।
राजद भाजपा पर भड़की
उत्तराखंड की मंत्री के पति के बयान पर जारी विवाद पर आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा- “बिहार की बहन बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गयी है, बोली लगाई है, यह किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। बिहार माता सीता की धरती है और महिला सशक्तिकरण की बात करने वाले सरकार में बैठे लोग बताएं कि आखिर क्या बोल रहे हैं? उनके ऊपर कठोर कार्रवाई करें और भारतीय जनता पार्टी माफी मांगे। प्रधानमंत्री जी एक ओर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की बात करते हैं और दूसरी ओर हमारी बहन बेटियों को इस तरह से कोई अपमानित करेगा, गाली देगा और बीजेपी चुप है, बीजेपी को माफी मांगनी पड़ेगी।
बिहार महिला आयोग की अध्यक्ष भड़कीं
उत्तराखंड की मुख्यमंत्री रेखा आर्य के पति के कथित बयान पर बिहार महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा- “यह बयान उनके बौद्धिक दिवालियापन को दर्शाता है। जब बिहार की महिलाएं नई ऊंचाइयों को छू रही हैं, आप बिहार की महिलाओं के बारे में ऐसे बयान दे रहे हैं, जो निंदनीय है। महिला आयोग स्वतः संज्ञान ले रहा है और उन्हें पत्र भेज रहा है। आज जब बिहार की मुख्यमंत्री महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए इतना कुछ कर रही हैं, महिलाएं इतनी मेहनत कर रही हैं और बड़ी प्रगति कर रही हैं, तब आप महिलाओं के बारे में इस तरह की बातें कर रहे हैं। यह अक्षम्य है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हम चाहते हैं कि वे अपने बयानों के लिए माफी मांगें।” (रिपोर्ट: जितेंद्र)
गोवा नाइटक्लब अग्निकांड की जांच में बड़ा खुलासा, लापरवाही की हद जानकर हैरान रह जाएंगे आप
