लाठी-डंडों से जमकर हुई लड़ाई- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
लाठी-डंडों से जमकर हुई लड़ाई

बिहार के बेतिया जिले में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। नरकटियागंज अनुमंडल अंतर्गत गोनाहा थाना क्षेत्र के मुरली भरहवा गांव में भूमि विवाद को लेकर ये हिंसक झड़प हुई है। झड़प के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते हुए देखा जा सकता है। 

कई लोगों के फटे सिर, अस्पताल में भर्ती

घायलों को पहले अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज में प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेतिया जीएमसीएच रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। अनुमंडलीय अस्पताल के डॉक्टर संतोष कुमार के अनुसार एक पक्ष से चार लोग सिर फटने की गंभीर चोट के साथ अस्पताल लाए गए थे, जिनका इलाज किया गया। 

जमीनी विवाद का है मामला

घायल शेख तबरेज ने आरोप लगाया कि विवादित भूमि पिछले 80 सालों से उनके कब्जे में है। उनके पास इससे संबंधित वैध रसीद भी मौजूद है। उनका दावा है कि दूसरा पक्ष जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा था, इसी को लेकर विवाद बढ़ा और झड़प हो गई।

पुलिस ने मामले को शांत कराया

घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। गोनाहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। 

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

पुलिस ने कहा कि गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। दोनों पक्षों से आवेदन देने को कहा गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version